,

Ujjain Hotel Accident : मौत का चैंबर, आधी रात को सफाई अभियान, पहले 1 घुसा, फिर 1-1- कर 3 और उतरे..जानिए, इनसाइड स्टोरी

Ujjain Hotel Accident Chamber Cleaning

रिपोर्ट: विशाल दुबे

Ujjain Hotel Accident : उज्जैन, देवास रोड स्थित श्रीगंगा होटल में चैंबर की सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सफाई के लिए चैंबर में उतरे चार लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति के अंदर फंसने के बाद उसे बचाने के लिए अन्य लोग भी चैंबर में उतरते गए और देखते ही देखते चार लोग अंदर फंस गए। उन्हें बचाने पहुंचे दो अन्य लोगों की भी तबीयत बिगड़ गई। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। चैंबर का गेट नहीं खुलने पर कटर मशीन की मदद से उसे काटा गया। करीब डेढ़ घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चारों लोगों को बाहर निकाला गया। पुलिसकर्मियों ने उन्हें CPR देकर बचाने की कोशिश की, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

Ujjain Hotel Accident

Ujjain Hotel Accident : एक के बाद एक चैंबर में फंसते चले गए लोग

जानकारी के मुताबिक, घटना रात के समय की है। श्री गंगा होटल के ओवरग्राउंड चैंबर की सफाई के लिए कर्मचारी अंदर उतरे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति चैंबर में फंस गया। उसे बचाने के प्रयास में अन्य लोग भी अंदर पहुंचते गए। इस तरह चार लोग चैंबर के भीतर फंस गए।

बताया गया कि पांचवां सफाईकर्मी हेमराज भी अंदर पहुंचा था, लेकिन घबराहट और बेहोशी जैसा महसूस होने पर वह किसी तरह बाहर निकल आया। इसके बाद चैंबर में चार लोगों के फंसे होने की जानकारी पुलिस को दी गई।

Ujjain Hotel Accident : कटर मशीन से काटना पड़ा चैंबर का गेट

सूचना मिलने पर माधवनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। चैंबर का गेट खोलने में परेशानी आ रही थी। ऐसे में थाना प्रभारी गजेंद्र पचोरिया ने पास में चल रहे निर्माण कार्य से कटर मशीन मंगवाई। मशीन की मदद से चैंबर का गेट काटकर रास्ता बनाया गया।

चैंबर के फर्श पर अत्यधिक फिसलन होने के कारण पुलिस और रेस्क्यू टीम को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद चारों लोगों को बाहर निकाला जा सका।

Ujjain Hotel Accident : CPR देने के बावजूद नहीं बची चार लोगों की जान

चैंबर से बाहर निकाले जाने के बाद पुलिसकर्मियों ने चारों को CPR देकर बचाने की कोशिश की। उन्हें दो मिनट से अधिक समय तक CPR दिया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

मृतकों में कमलेश तंबोली, नितिन वाहिद और मनोज मीणा की पहचान हुई है। चौथे मृतक की पहचान की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। वहीं, उन्हें बचाने के लिए चैंबर में उतरे दो अन्य लोगों की भी तबीयत बिगड़ गई। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। रेस्क्यू अभियान के दौरान एक सब-इंस्पेक्टर के घायल होने की भी जानकारी है।

Ujjain Hotel Accident : मौके पर पहुंचे एसपी प्रदीप शर्मा

हादसे की जानकारी मिलते ही उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने रेस्क्यू टीम को आवश्यक निर्देश दिए। चारों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Ujjain Hotel Accident : चैंबर के अंदर क्या हुआ था? जांच में सामने आएगी वजह

इस हादसे ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर चैंबर के भीतर ऐसा क्या था कि वहां उतरने वाले लोग एक के बाद एक बेहोश होते चले गए? क्या अंदर जहरीली गैस या ऑक्सीजन की कमी थी? क्या सफाई से पहले गैस की जांच और जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए गए थे?

फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। इसकी पुष्टि जांच और संबंधित रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। यह भी जांच का विषय है कि चैंबर में सफाई के लिए उतरने से पहले कर्मचारियों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे या नहीं।

एक चैंबर की सफाई के दौरान चार लोगों की जान चली गई और उन्हें बचाने की कोशिश में दो अन्य लोगों की तबीयत बिगड़ गई। अब जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि यह हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसके लिए जिम्मेदारी किसकी थी।

ये भी जानिए : MP Foundation Day 2026 : चार अलग-अलग अंचलों को जोड़कर बना था MP, जानिए 1 नवंबर 1956 को कैसे हुआ नए राज्य का जन्म

Barwani Ganja : 41 लाख की गांजे की खेती पकड़ी, खेत से मिले 1716 पौधे; आरोपी फरार

रिपोर्ट- दिलावर खान Barwani Ganja : बड़वानी, मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में…

गौरवशाली अतीत, विकासशील वर्तमान और समृद्ध भविष्य की ओर बढ़ता मध्यप्रदेश

मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का…

Aaj ka Rashifal: जानें राशि के अनुसार कैसा रहेगा आज का दिन

Aaj ka Rashifal: रविवार, 1 नवंबर 2026 का दिन ज्योतिषीय दृष्टि से…

Omar Abdullah Marriage: उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान से की शादी, सोशल मीडिया पर साझा की पहली तस्वीर

Omar Abdullah Marriage जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान…