गोड्डा जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र के हाट डुमरिया गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब एक कुएं से 30 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान शुशील सोरेन के रूप में हुई है, जो सोगले टोला डुमरिया, मोहनपुर का रहने वाला था।
तीन दिन से था लापता
जानकारी के अनुसार, शुशील सोरेन रविवार से लापता था। परिजन और ग्रामीण उसकी खोजबीन कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शुशील पिछले दो वर्षों से ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) की राजमहल कोल परियोजना में कार्यरत था।
ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना
मंगलवार को ग्रामीणों ने गांव के एक कुएं में शव तैरता हुआ देखा और तुरंत ललमटिया थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रौशन कुमार सिंह के निर्देश पर एएसआई सुरेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाया।
नशे की हालत में गिरने की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि युवक नशे की हालत में कुएं में गिर गया होगा। शव से दुर्गंध आ रही थी, जिससे अनुमान है कि उसकी मौत कई दिन पहले हो चुकी थी।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गोड्डा भेज दिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।





