रिपोर्ट: नरेश खोहाल, झज्जर
Suruchi Phogat Gold Medal : झज्जर। हरियाणा के झज्जर जिले के सासरौली गांव की बेटी सुरुचि सिंह फोगाट ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए स्वर्ण पदक जीता है। सुरुचि और कमलजीत की भारतीय जोड़ी ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्धा में गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत ने प्रतियोगिता में अपना दूसरा स्वर्ण पदक हासिल किया।
भारतीय जोड़ी ने फाइनल में लगातार बढ़त बनाए रखी और कुल 484.6 अंक हासिल कर शीर्ष स्थान पर कब्जा किया। दक्षिण कोरिया की जोड़ी दूसरे स्थान पर रही, जबकि ईरान ने कांस्य पदक जीता। भारतीय जोड़ी ने इस मुकाबले में एशियन गेम्स रिकॉर्ड भी बनाया।
Suruchi Phogat Gold Medal : सुरुचि के गोल्ड से सासरौली में खुशी का माहौल
सुरुचि की इस उपलब्धि की खबर मिलते ही झज्जर के सासरौली गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। परिवार और ग्रामीणों ने बेटी की सफलता पर खुशी जताई। परिवार के मुताबिक, सुरुचि की इस उपलब्धि के पीछे उसकी लगातार मेहनत और शूटिंग के प्रति समर्पण बड़ी वजह है।
परिवार की ओर से बताया गया कि बेटी की सफलता के बाद परिजन करीब पांच किलोमीटर पैदल चलकर श्याम बाबा के दरबार पहुंचे। हाथों में निशान लेकर मंदिर पहुंचे परिवार ने बाबा के दर्शन किए और निशान चढ़ाया।
परिवार ने सुरुचि की सफलता के लिए बाबा का आभार जताया और उसके आगे भी इसी तरह देश के लिए पदक जीतते रहने की कामना की।
Suruchi Phogat Gold Medal : मां बोलीं- दिल्ली से गांव तक होगा भव्य स्वागत
सुरुचि की मां सुदेश देवी ने बेटी की जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि यह पूरे परिवार और गांव के लिए गर्व का पल है। उन्होंने बताया कि सुरुचि के भारत लौटने पर दिल्ली एयरपोर्ट से ही उसके स्वागत की तैयारी की जाएगी। इसके बाद ढोल-नगाड़ों के साथ उसे गांव लाने की योजना है।
मां के मुताबिक, सुरुचि को घर का दाल-चूरमा बेहद पसंद है। बेटी के घर पहुंचने पर परिवार अपने हाथों से उसे पसंदीदा खाना खिलाकर स्वागत करेगा।
उन्होंने अन्य अभिभावकों से भी बच्चों को खेलों के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की। उनका कहना है कि बेटियों को भी आगे बढ़ने का पूरा अवसर मिलना चाहिए।
Suruchi Phogat Gold Medal : दादी देंगी सोने की चेन
सुरुचि की दादी छोटा देवी भी पोती की सफलता से बेहद खुश हैं। परिवार के मुताबिक, दादी ने सुरुचि के घर लौटने पर उसे अपने हाथों से चूरमा खिलाने और सोने की चेन देने की बात कही है।
दादी ने कामना की कि सुरुचि भविष्य में भी इसी तरह मेहनत करती रहे और देश के लिए और पदक जीते।
Suruchi Phogat Gold Medal : बहन से प्रेरित है छोटा भाई निशांत
सुरुचि के छोटे भाई निशांत फोगाट ने भी बहन की उपलब्धि पर खुशी जताई। निशांत खुद भी शूटिंग खेलते हैं और उनका सपना है कि वे भी भविष्य में देश के लिए पदक जीतें।
निशांत ने कहा कि सुरुचि की जीत से पूरे गांव और जिले का नाम रोशन हुआ है। उन्होंने बहन की उपलब्धि को अपने लिए भी प्रेरणा बताया।
Suruchi Phogat Gold Medal : पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिखा चुकी हैं दम
सुरुचि सिंह पहले भी अंतरराष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं। अब एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जोड़ ली है।
इस बार 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम में सुरुचि और कमलजीत की जोड़ी ने शुरुआत से ही मजबूत प्रदर्शन किया। दोनों ने क्वालिफिकेशन के बाद फाइनल में भी अपनी बढ़त कायम रखी और अंत में भारत के खाते में दूसरा गोल्ड मेडल डाल दिया।
सुरुचि की इस सफलता के बाद अब सासरौली गांव में उनके लौटने का इंतजार है। परिवार और ग्रामीणों ने उनके स्वागत की तैयारियां शुरू कर दी हैं और बेटी के गांव पहुंचने पर ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाने की तैयारी है।
Read More : Raman Research Institute : आइंस्टीन के अधूरे सवाल की ओर बड़ा कदम, बेंगलुरु के वैज्ञानिकों का क्वांटम प्रयोग


