Report: Vandna Rawat
UP International Trade Show ग्रेटर नोएडा में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आयोजन का उद्घाटन किया। 25 से 29 सितंबर तक चलने वाले इस ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों से लेकर आधुनिक विनिर्माण क्षेत्र तक की झलक देखने को मिल रही है। आयोजन में 2,400 से अधिक प्रदर्शक हिस्सा ले रहे हैं, जबकि देश-विदेश से खरीदारों और कारोबारियों की भागीदारी हो रही है।
UP International Trade Showइसी दौरान अमित शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ पोर्टल का भी शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के उत्पादों की गुणवत्ता, मजबूत आपूर्ति श्रृंखला और यहां के उद्यमियों की विश्वसनीयता पर आज दुनिया भरोसा कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश से दो लाख करोड़ रुपये से अधिक का निर्यात हो रहा है।
बढ़ती भागीदारी को वैश्विक भरोसे से जोड़कर देखा
UP International Trade Show मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चार वर्षों में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश के उत्पादों को दुनिया के सामने रखने का बड़ा मंच बन गया है। उनके मुताबिक पिछले वर्ष 72 देशों से 550 खरीदार जुड़े थे, जबकि इस बार 90 देशों से 600 से अधिक खरीदारों के पहुंचने की बात कही गई है। करीब डेढ़ लाख बी2बी विजिटर्स के भी आयोजन में शामिल होने की संभावना है। आधिकारिक आयोजन संबंधी जानकारी में भी 1.5 लाख से अधिक बी2बी आगंतुकों और बड़ी संख्या में अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की भागीदारी का लक्ष्य बताया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो अपनी जड़ों से जुड़कर दुनिया के साथ कदम से कदम मिलाकर चलता है, दुनिया उसे फॉलो करती है। उनके अनुसार यह आयोजन परंपरा और तकनीक, विरासत और नवाचार तथा हुनर और बाजार को एक मंच पर लाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि यूपी की स्थानीय क्षमता अब वैश्विक बाजार में अपनी पहचान बना रही है।
पारंपरिक हुनर को बाजार और तकनीक से जोड़ने पर जोर
UP International Trade Show योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में संभावनाओं की कभी कमी नहीं रही, लेकिन जरूरत इस क्षमता को पहचानने, सही माहौल देने और बड़े बाजार तक पहुंचाने की थी। उनके अनुसार लंबे समय तक कारीगरों को पर्याप्त संसाधन, बाजार और मंच नहीं मिल सका, जिसके कारण नई पीढ़ी अपने पारंपरिक हुनर से दूर होने लगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने जिलों, गांवों और स्थानीय समूहों में मौजूद हुनर को पहचानकर आगे बढ़ने का अवसर दिया। प्रतिभा और परंपरा को तकनीक से जोड़ते हुए गुणवत्ता, डिजाइन, पैकेजिंग, प्रमाणन, ब्रांडिंग और विपणन पर काम किया गया। साथ ही एक्सप्रेसवे, हाईवे, एयरपोर्ट, माल ढुलाई गलियारे और औद्योगिक ढांचे के विस्तार से स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने की व्यवस्था मजबूत हुई।
79 उत्पादों को जीआई टैग, 75 नए उत्पादों के लिए आवेदन
UP International Trade Show मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के 79 उत्पादों को भौगोलिक संकेतक टैग मिल चुका है, जबकि 75 और नए उत्पादों के लिए आवेदन किया गया है। उन्होंने वर्ष 2017 में परंपरागत उद्यमों की क्षमता को पहचानने की दिशा में अमित शाह की भूमिका का भी उल्लेख किया और कहा कि इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ पहल को ब्रांड के रूप में विकसित किया गया।
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण में स्थानीय उत्पादों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों, निर्यातकों, कारीगरों, नए उद्यमों और आधुनिक औद्योगिक क्षेत्रों को वैश्विक खरीदारों से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। आयोजन 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में चलेगा।


