रिपोर्टर :- ऋषभ कुमार
Chhath Puja लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान नवादा जिले में श्रद्धा और विश्वास की एक अनूठी तस्वीर देखने को मिल रही है। जिले के प्रमुख सूर्य मंदिर के समीप स्थित नदी में इन दिनों पानी की जगह दूर-दूर तक रेत और बालू नजर आ रही है। हालांकि, नदी की सूखी सतह के नीचे आज भी पानी का स्रोत मौजूद है। श्रद्धालु बालू हटाकर छोटे-छोटे गड्ढे यानी चुआं बना रहे हैं और उनमें जमा होने वाले स्वच्छ पानी का इस्तेमाल छठ पूजा की तैयारियों में कर रहे हैं।
सूखी नदी में चुआं बनाकर निकाल रहे पानी
Chhath Puja महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना के पावन अवसर पर सुबह से ही बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु नदी घाट पर पहुंचने लगे। घाट पर आस्था का अद्भुत दृश्य दिखाई दिया। कोई अपने हाथों से बालू हटाकर चुआं तैयार कर रहा था, तो कोई उसमें से निकलने वाले पानी को पूजा के लिए एकत्र कर रहा था। नदी में ऊपर से पानी दिखाई नहीं देने के बावजूद श्रद्धालुओं का यह प्रयास उनकी अटूट आस्था और विश्वास को दर्शाता है।
नवादा के बाजारों में छठ की खरीदारी को लेकर भीड़
Chhath Puja दूसरी ओर, छठ महापर्व को लेकर नवादा शहर के बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। फल, सब्जियां, नारियल, बताशे और पूजा में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री की दुकानें सज गई हैं। सुबह से ही खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ बाजारों में पहुंच रही है। छठव्रती और उनके परिजन पर्व की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। बाजारों में दिनभर चहल-पहल बनी हुई है।
हर तरफ दिख रहा भक्ति और उत्साह का माहौल
Chhath Puja नवादा में एक ओर सूखी नदी की बालू से पानी निकालकर पूजा की तैयारी करते श्रद्धालु आस्था की मिसाल पेश कर रहे हैं, तो दूसरी ओर बाजारों में उमड़ रही भीड़ पर्व के उत्साह को बयां कर रही है। नदी घाट से लेकर शहर की गलियों तक छठी मइया और भगवान भास्कर की आराधना का माहौल दिखाई दे रहा है।


