Report: Prem Shrivastva
Jamshedpur News झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने टाटा स्टील के ग्लोबल सीईओ सह प्रबंध निदेशक टी. वी. नरेंद्रन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जमशेदपुर और पूर्वी सिंहभूम जिले के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाते हुए टाटा प्रबंधन के समक्ष कई महत्वपूर्ण सुझाव और प्रस्ताव रखे। चर्चा में शहर की यातायात व्यवस्था, औद्योगिक विकास, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना और औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति जैसे विषय प्रमुख रहे।
ट्रैफिक और पार्किंग की समस्या दूर करने पर जोर
Jamshedpur News मुलाकात के दौरान कुणाल षाड़ंगी ने बिष्टुपुर, साकची और रीगल ग्राउंड समेत टाटा कमांड एरिया के प्रमुख व्यावसायिक इलाकों में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या की ओर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने टाटा लीज की शर्तों के तहत पार्किंग व्यवस्था के वास्तविक क्रियान्वयन की व्यापक समीक्षा कराने का सुझाव दिया, ताकि आम नागरिकों और कारोबारियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इसके अलावा उन्होंने व्यावसायिक एवं भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री के समय की व्यावहारिक समीक्षा करने की जरूरत बताई। भविष्य में औद्योगिक परिवहन को सुगम बनाने के लिए अलग ट्रैफिक कॉरिडोर विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा। इससे जिले के विभिन्न औद्योगिक संयंत्रों तक कच्चे माल और तैयार उत्पादों की आवाजाही आसान होगी तथा ट्रांसपोर्टरों को समय पर माल पहुंचाने में मदद मिलेगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में गैर-लाभकारी अस्पताल और एयरपोर्ट निर्माण का प्रस्ताव
Jamshedpur News स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर चर्चा करते हुए कुणाल षाड़ंगी ने टाटा समूह के चेयरमैन नोएल टाटा की ओर से देशभर में 40 से 50 गैर-लाभकारी अस्पताल स्थापित करने की परिकल्पना का उल्लेख किया। उन्होंने इस पहल के तहत पूर्वी सिंहभूम के ग्रामीण इलाकों में भी एक नॉट-फॉर-प्रॉफिट जनरल अस्पताल स्थापित करने का आग्रह किया। उन्होंने सुझाव दिया कि आर्थिक रूप से सक्षम मरीजों से मिलने वाले भुगतान का उपयोग जरूरतमंद मरीजों के इलाज के लिए अनुदान के रूप में किया जा सकता है। इससे ग्रामीण आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से पूछे गए 19 पर्यावरणीय और वन्यजीव संबंधी सवालों के जवाब स्टेज-1 क्लीयरेंस के लिए भेजे जा चुके हैं। उन्होंने टाटा समूह से एयरपोर्ट निर्माण की दिशा में सहयोग करने की अपील की। उनका कहना था कि इस परियोजना के पूरा होने से पूर्वी सिंहभूम की हवाई कनेक्टिविटी बेहतर होगी और व्यापार, पर्यटन तथा औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति के विकल्प पर चर्चा
Jamshedpur News कुणाल षाड़ंगी ने पूर्वी सिंहभूम में जमशेदपुर शहर के बाहर चिन्हित औद्योगिक क्षेत्रों में उद्योग स्थापित करने वाले निवेशकों को बिजली आपूर्ति के अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध कराने का सुझाव दिया। उन्होंने सरायकेला जिले की तर्ज पर झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के साथ टाटा पावर या जुस्को के माध्यम से भी बिजली उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर पहल करने की बात कही। इससे नए उद्योगों को सुविधाजनक बिजली आपूर्ति मिल सकेगी और औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा।
मुलाकात के बाद कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार राज्य में नए उद्योगों की स्थापना और मौजूदा औद्योगिक इकाइयों के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि टाटा समूह की ओर से नागरिक सुविधाओं और शहर के विकास के लिए की जाने वाली सकारात्मक पहलों में राज्य सरकार हरसंभव सहयोग देने के लिए तैयार है।


