रिपोर्ट- प्रमोद श्रीवास्तव
MP Congress : भोपाल, मध्यप्रदेश कांग्रेस में 2028 के विधानसभा चुनाव का काउंटडाउन भले ही अभी दूर हो, लेकिन सियासी बिसात अभी से बिछने लगी है। दिग्विजय सिंह की सनातन पदयात्रा में बेटे जयवर्धन की सक्रियता… फिर 2028 के चुनावको जीतू पटवारी और उमंग सिंघार के नेतृत्व में लड़ने का ऐलान… और इसके बाद कमलनाथ की ओर से नकुलनाथ का भोपाल में शक्ति प्रदर्शन। लेकिन पोस्टरों से दिग्गज नेताओं की तस्वीरें गायब, अब सियासी गलियारों में नए नेतृत्व की चर्चाएं तेज हैं।
MP Congress : 28 की जंग, चेहरा कौन, किसके हाथ होगा नेतृत्व ?
सवाल है कि क्या कांग्रेस में नेतृत्व की नई पीढ़ी तैयार हो रही है ? क्या कमलनाथ खेमा अपनी राजनीतिक ताकत का एहसास करा रहा है ? या फिर 2028 से पहले कांग्रेस में मुख्यमंत्री चेहरे और नेतृत्व को लेकर अंदरखाने नई जंग शुरू हो गई है ? अब सियासी गलियारों में चर्चा यही तेज है कि 2028 की लड़ाई में चेहरा कौन होगा? नेतृत्व किसके हाथ में रहेगा? और क्या कांग्रेस के सभी बड़े नेता एक मंच पर एकजुट दिखाई देंगे ? इन्ही सवालों के जवाब तलाशने की कोशिश करेंगे। खास कार्यक्रम में लेकिन पहले देखिये ये रिपोर्ट।।
MP Congress : कांग्रेस को बीजेपी से ज्यादा क्या अपनों की चुनौती ?
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे ज्यादा चर्चा पोस्टरों की भी है। पोस्टरों पर लिखा है- ‘मध्यप्रदेश की मजबूरी है, नकुलनाथ जरूरी है।’ लेकिन इन पोस्टरों से जीतू पटवारी, उमंग सिंघार और दिग्विजय सिंह जैसे बड़े नेताओं की तस्वीरें गायब हैं। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह पार्टी के मौजूदा नेतृत्व को एक राजनीतिक संदेश है?
MP Congress : कांग्रेस की चुनौती बीजेपी नहीं, अपना नेतृत्व तय करना है !
मध्यप्रदेश कांग्रेस में 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारी अभी से शुरू होती दिखाई दे रही है, लेकिन पार्टी की मौजूदा गतिविधियां चुनावी रणनीति से ज्यादा नेतृत्व की दावेदारी का संकेत दे रही हैं। दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह की सक्रियता हो या कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ का शक्ति प्रदर्शन, इन घटनाक्रमों ने कांग्रेस की राजनीति में नई पीढ़ी की भूमिका पर बहस छेड़ दी है।
राजनीति में नेताओं की अगली पीढ़ी का आगे आना असामान्य नहीं है, लेकिन सवाल तब उठता है जब संगठनात्मक नेतृत्व और पारिवारिक राजनीतिक विरासत के बीच संतुलन दिखाई नहीं देता। नकुलनाथ के समर्थन में लगे पोस्टरों से जीतू पटवारी, उमंग सिंघार और दिग्विजय सिंह जैसे नेताओं की तस्वीरों का गायब होना भी महज संयोग मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। हालांकि, पोस्टर किसी आधिकारिक राजनीतिक फैसले का प्रमाण नहीं होते, लेकिन वे सियासी संदेश जरूर देते हैं।
कांग्रेस के सामने असली चुनौती 2028 का चेहरा घोषित करना भर नहीं, बल्कि ऐसा नेतृत्व तैयार करना है जिसे पूरा संगठन स्वीकार करे। पार्टी को यह तय करना होगा कि चुनाव व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं के आधार पर लड़ा जाएगा या सामूहिक नेतृत्व और मजबूत संगठन के दम पर। क्योंकि कांग्रेस अगर अपना घर व्यवस्थित नहीं कर पाई तो बीजेपी के खिलाफ उसकी लड़ाई और मुश्किल हो सकती है।
ये भी जानिए : Aaj ka Mausam: 18 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, 60 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; दिल्ली-UP समेत जानें देशभर का मौसम


