Saharanpur Police उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पुलिस की सर्विलांस टीम ने गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल 365 मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ 50 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन की पहचान कर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंप रही है। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ फोन वापस मिलने से लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आ रही है।
CEIR पोर्टल की मदद से ट्रेस किए गए मोबाइल
Saharanpur Police एसएसपी अभिनंदन ने बताया कि जिले में अलग-अलग समय पर लोगों के मोबाइल फोन गुम होने की शिकायतें मिलती हैं। ऐसी शिकायतों पर सर्विलांस टीम मोबाइल फोन को ट्रेस करने का प्रयास करती है। इसी अभियान के तहत 365 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि मोबाइल गुम होने की शिकायत मिलने के बाद उसकी जानकारी भारत सरकार के CEIR पोर्टल पर अपलोड की जाती है। इसके जरिए फोन को ट्रैक करने में मदद मिलती है।
एसएसपी ने कहा कि आज मोबाइल फोन आम आदमी की जरूरत बन चुका है। इसमें निजी जानकारियों के साथ-साथ महत्वपूर्ण दस्तावेज और जरूरी डेटा भी मौजूद रहता है। ऐसे में फोन गुम होने से लोगों के दैनिक कामकाज पर असर पड़ता है। पुलिस का प्रयास है कि खोए हुए मोबाइल बरामद कर लोगों को वापस दिलाए जाएं, ताकि जनता का पुलिस पर भरोसा और मजबूत हो।
गुम हुए फोन हैं, सभी मामलों में चोरी या छिनैती नहीं
Saharanpur Police एसएसपी अभिनंदन ने स्पष्ट किया कि बरामद किए गए मोबाइल फोन मुख्य रूप से गुमशुदगी से जुड़े मामले हैं। कई बार यात्रा के दौरान ट्रेन या अन्य स्थानों पर लोगों के मोबाइल छूट जाते हैं। शिकायत मिलने पर पुलिस फोन की जानकारी जुटाकर उसे ट्रेस करने का प्रयास करती है। उन्होंने बताया कि इन सभी मामलों को चोरी या छिनैती से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। इस कार्रवाई में किसी की गिरफ्तारी भी नहीं हुई है।
मोबाइल गुम होने पर तुरंत उठाएं ये कदम
Saharanpur Police एसएसपी ने आम लोगों से अपील की कि मोबाइल फोन गुम होने पर तुरंत नजदीकी थाने या पुलिस को सूचना दें। जरूरत पड़ने पर 112 पर भी संपर्क किया जा सकता है। इसके साथ ही संबंधित सिम कार्ड को तत्काल ब्लॉक कराएं और CEIR पोर्टल पर मोबाइल गुम होने की शिकायत दर्ज करें। उन्होंने मोबाइल में उपलब्ध रिमोट लॉक जैसे सुरक्षा फीचर्स का इस्तेमाल करने की भी सलाह दी, ताकि निजी जानकारी का दुरुपयोग रोका जा सके।
Read this: राहुल गांधी फोन टैपिंग : राहुल का नया आरोप, मोदी टैप करा रहे फोन, बीजेपी का पलटवार ?


