BY: Yoganand Shrivastva
Karnal Accident हरियाणा के करनाल में जीटी रोड पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। नीलोखेड़ी स्थित माता मंदिर के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर पर सवार दो युवक उछलकर सड़क पर गिर गए। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक भी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
रोजगार की तलाश में पंजाब जा रहे थे दोनों युवक
Karnal Accident मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के निवासी 25 वर्षीय शीशपाल और 28 वर्षीय सुरवीर के रूप में हुई है। दोनों आपस में रिश्तेदार थे और काम की तलाश में पंजाब जा रहे थे। वहां उन्हें बिजली की लाइनों पर काम करना था। बताया गया कि ट्रैक्टर खाली था और उस पर पांच से सात लोग सवार थे। शीशपाल और सुरवीर ट्रैक्टर के अगले हिस्से में बैठे हुए थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर जा गिरे और उनकी जान चली गई।
दोनों परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
Karnal Accident हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में मातम छा गया। परिजनों के मुताबिक, दोनों युवक शादीशुदा थे। इनमें से एक के चार और दूसरे के तीन बच्चे हैं। परिवार की जिम्मेदारियां उठाने वाले दोनों युवक मेहनत-मजदूरी कर अपने घर का खर्च चलाते थे। इस हादसे में सात बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। रोजगार की तलाश में घर से निकले दोनों युवकों की मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
ट्रक चालक हिरासत में, पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। जांच अधिकारी सतीश कुमार के अनुसार, हादसा सुबह करीब चार बजे हुआ था। ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर सवार दो युवकों की मौत हुई है। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, मृतकों के परिजनों ने ट्रक चालक की लापरवाही को हादसे की वजह बताया है।


