BY: Yoganand Shrivastva
PM Narendra Modi प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर्नाटक दौरे के दौरान मैसूरु में एक मानवीय पहल देखने को मिली। यहां एक कार्यक्रम के दौरान बुजुर्ग महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें चक्कर आने लगे। यह देखकर प्रधानमंत्री मोदी खुद उनके पास पहुंचे और उनकी मदद की व्यवस्था की। प्रधानमंत्री के इस व्यवहार को देखकर वहां मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान बुजुर्ग महिला को आया चक्कर
PM Narendra Modi जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को मैसूरु में कॉसमॉस तारामंडल (COSMOS Planetarium) के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान नंजनगुड टाउन म्युनिसिपैलिटी की पूर्व अध्यक्ष और भाजपा कार्यकर्ता प्रेमा सिम्बैया की तबीयत अचानक खराब हो गई। करीब 70 वर्षीय प्रेमा को चक्कर आने लगे और उन्हें कमजोरी महसूस होने लगी। उनकी स्थिति देखकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तुरंत उनके पास पहुंचे और उनका हालचाल जाना।
PM मोदी ने डॉक्टर को बुलाकर दिलवाई जरूरी मदद
PM Narendra Modi प्रधानमंत्री ने महिला को संभालने में मदद की और उनके लिए जूस की व्यवस्था कराई। इसके साथ ही उन्होंने अपने काफिले के साथ मौजूद डॉक्टर को बुलाकर महिला को तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डॉक्टर ने उनकी स्थिति का जायजा लिया और जरूरी देखभाल सुनिश्चित की। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान प्रधानमंत्री स्वयं महिला की सहायता को लेकर सक्रिय नजर आए।
BJP महिला मोर्चा ने तस्वीरें साझा कर की सराहना
इस घटना के बाद भाजपा महिला मोर्चा ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर तस्वीरें साझा कीं। पोस्ट में प्रधानमंत्री के इस व्यवहार की सराहना करते हुए कहा गया कि जरूरत के समय मदद के लिए आगे आना और दूसरों की परवाह करना ही सच्ची सेवा भावना है।
वहीं, मैसूरु पहुंचने पर प्रधानमंत्री का स्थानीय लोगों ने भव्य स्वागत भी किया। मोदी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर स्वागत का वीडियो साझा करते हुए मैसूरु के लोगों का आभार जताया।
गौरतलब है कि कर्नाटक दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। इसके अलावा उन्होंने बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन का उद्घाटन भी किया।


