Diesel Theft उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में नागल थाना पुलिस ने ट्रेनों के जनरेटर से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 960 लीटर डीजल, तीन खाली कैन और चोरी में इस्तेमाल की गई पिकअप बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह रेलवे स्टेशनों पर खड़ी ट्रेनों को निशाना बनाकर जनरेटर से डीजल चोरी करता था।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने छह आरोपियों को दबोचा
Diesel Theft पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी ग्रामीण मयंक पाठक ने बताया कि थाना प्रभारी राधेश्याम यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम 12 नवंबर की रात रेलवे रोड पुल के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें डीजल चोरी के मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने मौके से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
नागल स्टेशन पर खड़ी ट्रेन से चोरी किया था डीजल
Diesel Theft पुलिस के अनुसार, आरोपी नागल रेलवे स्टेशन पर खड़ी एक ट्रेन के जनरेटर से करीब 1000 लीटर डीजल चोरी कर पिकअप वाहन में ले जा रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अब्दुल्ला, जोगिंद्र साहनी, अवधेश साहनी, फरमान, दिलनवाज और जुल्फान के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 960 लीटर डीजल, तीन खाली कैन और वारदात में इस्तेमाल पिकअप बरामद की है।
पिलखनी स्टेशन से भी डीजल चोरी करने की बात कबूली
Diesel Theft पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चार से पांच दिन पहले पिलखनी रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन से करीब 180 लीटर डीजल चोरी करने की बात भी स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, गिरोह चोरी किए गए डीजल को अब्दुल्ला को बेचता था। सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


