Mohit Jain
आगरा के थाना छत्ता क्षेत्र के बेलनगंज बाजार में रविवार को डीके कलेक्शन नामक कपड़ों की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर घना धुआं फैल गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। पुलिस टीम भी घटनास्थल पर मौजूद रही और भीड़ को नियंत्रित करने में लगी रही।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग, आसपास की दुकानें भी आईं चपेट में

स्थानीय लोगों के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। दुकानों में रखे कपड़ों ने आग को तेजी से फैलाया, जिससे लपटें मिनटों में बहुत बड़ी हो गईं। आग ने आसपास की अन्य दुकानों को भी खतरे में डाल दिया। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने लगातार पानी की बौछार कर स्थिति को नियंत्रित किया।
व्यापारियों में दहशत, लाखों का नुकसान होने की आशंका
आग लगने से कपड़ा बाजार के व्यापारियों में भारी दहशत फैल गई। दुकानदारों का कहना है कि आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, हालांकि सटीक आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है। इससे पहले भी बेलनगंज और आसपास के बाजारों में आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें भारी क्षति हुई थी।
फायर विभाग आग लगने के कारणों और नुकसान के आकलन की विस्तृत जांच कर रहा है। पुलिस ने भी सुरक्षा के लिहाज से इलाके में बैरिकेडिंग कर दी है।





