BY: Yoganand Shrivastva
Delhi News दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में 22 वर्षीय शादीशुदा महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। प्रहलादपुर बांगर गांव स्थित एक मकान के बाथरूम से महिला का शव बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, महिला की मौत के बाद से उसका पति और छोटा बच्चा घर से गायब बताए जा रहे हैं।
भाई को बाथरूम में मिला शव
Delhi News मृतका की पहचान सबिला खातून के रूप में हुई है। पुलिस को दिए बयान में उसके भाई मोहम्मद गुलाब ने बताया कि सबिला की शादी करीब दो साल पहले मोहम्मद लालबाबू से हुई थी। शादी के बाद दोनों प्रहलादपुर बांगर इलाके में रह रहे थे। 29 अगस्त को जब भाई बहन के घर पहुंचा तो उसे सबिला बाथरूम में मृत अवस्था में मिली।
पति और बच्चा घर से गायब
Delhi News सबिला के शव मिलने के समय उसका पति मोहम्मद लालबाबू और बच्चा घर में मौजूद नहीं थे। दोनों के लापता होने के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बीएसए अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।
हत्या की धाराओं में FIR, पति की तलाश तेज
Delhi News पुलिस ने शाहबाद डेयरी थाने में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में BNS की धारा 103(1) के तहत हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें महिला के पति की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले को कई एंगल से देख रही है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और पति-बच्चे के लापता होने का इससे क्या संबंध है, इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




