रिपोर्ट- प्रभात खबर
गोड्डा/महागामा।
झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री और महागामा विधायक श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह ने आज महागामा प्रखंड अंतर्गत नयानगर–परसा (MDR) से हनवारा (बिहार बॉर्डर) तक 21.10 किमी लंबे सड़क परियोजना के परसा से हनवारा (12.45 किमी) खंड के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का भूमि पूजन विधिवत सम्पन्न किया।
प्रगति की दिशा में ठोस कदम
इस अवसर पर मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने कहा कि यह महत्वपूर्ण परियोजना क्षेत्रीय विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। इस सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण से न केवल आवागमन की सुविधा सुगम होगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई रफ्तार मिलेगी। हनवारा से बिहार सीमा तक बेहतर सड़क संपर्क स्थानीय लोगों के जीवनस्तर को ऊपर उठाने में सहायक होगा।
ग्रामीणों को मिलेगा सीधा लाभ
मंत्री ने कहा कि यह सड़क कार्य न सिर्फ एक मजबूत आधारभूत संरचना प्रदान करेगा, बल्कि स्वास्थ्य, शिक्षा, व्यापार और कृषि के क्षेत्रों में भी सकारात्मक प्रभाव डालेगा। यह परियोजना स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित, सुगम और टिकाऊ मार्ग उपलब्ध कराएगी।
स्थानीय जनता ने जताया आभार
भूमि पूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने इस विकास कार्य के लिए सरकार और मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के प्रति आभार जताया।





