Sagar Contaminated Liquor Case सागर में बंडा क्षेत्र में दूषित शराब के सेवन से बीमार हुए लोगों का हाल जानने के लिए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली। साथ ही चिकित्सकों से मरीजों को दिए जा रहे उपचार के बारे में चर्चा की।
मंत्री ने कहा कि घटना को लेकर सरकार बेहद गंभीर है और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि दूषित शराब के सेवन से जिन लोगों की मृत्यु हुई है या जो प्रभावित हुए हैं, उनके परिवारों को तीन दिन के अंदर मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जाएगी। जिन पीड़ितों के पास संबल कार्ड नहीं है, उन्हें भी नियमानुसार मुआवजा देने की व्यवस्था की जाएगी।
आंखों में गंभीर परेशानी वाले तीन मरीजों को एम्स भोपाल भेजा गया
Sagar Contaminated Liquor Case बीएमसी के निरीक्षण के दौरान मंत्री को सुनील विश्वकर्मा, सुल्तान सिंह और गोविंद अहिरवार की आंखों में गंभीर परेशानी की जानकारी मिली। मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तीनों मरीजों को बेहतर उपचार के लिए तत्काल भोपाल भेजने की व्यवस्था कराई।
मंत्री ने दूरभाष पर भोपाल एम्स के चिकित्सकों से चर्चा कर मरीजों के इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की। इसके बाद तीनों मरीजों को तत्काल भोपाल भेजा गया। उन्होंने कहा कि मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। जरूरत पड़ने पर उन्हें बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी और सरकार उपचार का पूरा ध्यान रखेगी।
शराब माफिया पर सख्त कार्रवाई, किसी दोषी को नहीं बख्शेंगे
Sagar Contaminated Liquor Case दूषित शराब मामले में पुलिस और प्रशासन की ओर से की जा रही कार्रवाई पर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने संतोष जताया। उन्होंने कहा कि सरकार ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया है और पुलिस-प्रशासन पूरी ताकत के साथ आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। शराब माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
मंत्री ने कहा कि इस पूरे मामले में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
दिग्विजय सिंह और जीतू पटवारी पर भी साधा निशाना
Sagar Contaminated Liquor Case दिग्विजय सिंह की ओर से मामले को लेकर की गई टिप्पणियों पर पलटवार करते हुए मंत्री राजपूत ने कहा कि प्रदेश की जनता ने उन्हें नकार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिग्विजय सिंह राजनीतिक सुर्खियों में बने रहने के लिए ट्वीट कर अनर्गल बयानबाजी करते रहते हैं। मंत्री ने उन्हें “ट्वीट मास्टर” बताते हुए तंज कसा और कहा कि वे बिना शहद के छत्ते की तरह हैं, जिसमें शहद और मधुमक्खियां नहीं हैं और अकेला छत्ता घूमता रहता है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर निशाना साधते हुए मंत्री ने कहा कि अभी उनमें बचपना है और उन्हें राजनीति में और गंभीर होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इतने गंभीर मामले में राजनीति करने के बजाय सभी को पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना चाहिए और उन्हें राहत पहुंचाने की दिशा में काम करना चाहिए।
बोले- 25 साल की राजनीति में जुआ, सट्टा और शराब का साथ नहीं दिया
Sagar Contaminated Liquor Case गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि वे पिछले 25 वर्षों से राजनीति में हैं, लेकिन उन्होंने या उनके परिवार ने कभी जुआ, सट्टा और शराब जैसी सामाजिक बुराइयों का समर्थन नहीं किया। उन्होंने कहा कि न ऐसे लोगों को संरक्षण दिया गया और न ही किसी तरह की मदद की गई।
उन्होंने कहा कि राजनीति में रोजाना हजारों लोग मिलते हैं। लोग माला पहनाते हैं, फूल देते हैं और फोटो खिंचवाते हैं। केवल किसी व्यक्ति के साथ फोटो होने या उसके द्वारा माला पहनाने का मतलब यह नहीं है कि उससे किसी प्रकार की घनिष्ठता है या उसे संरक्षण दिया गया है। उन्होंने कहा कि दोषी कोई भी हो, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
पीड़ित परिवारों के साथ सरकार, जल्द होगी समीक्षा बैठक
Sagar Contaminated Liquor Case मंत्री ने कहा कि इस दुखद घटना में जिन परिवारों ने अपने परिजनों को खोया है, उनके प्रति सरकार की गहरी संवेदनाएं हैं। सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को जिस भी प्रकार की मदद की आवश्यकता होगी, सरकार उसे उपलब्ध कराने का प्रयास करेगी।
उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द ही संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में घटना, मरीजों के उपचार, पीड़ित परिवारों को दी जा रही सहायता और आरोपियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।


