BY: Yoganand Shrivastva
Building Collapse Accident नई दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में गुरुवार सुबह एक निर्माणाधीन इमारत अचानक ढह गई। हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की सूचना है, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका के चलते दमकल, पुलिस और अन्य विभागों की टीमें राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हैं। घटना के बाद दिल्ली नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए जूनियर इंजीनियर और असिस्टेंट इंजीनियर को निलंबित कर दिया है।
दो लोगों की मौत, मलबे में 15 लोगों के फंसे होने की आशंका
Building Collapse Accident जानकारी के मुताबिक, चावड़ी बाजार में तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत गिरने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना सुबह करीब 9:50 बजे दमकल विभाग को मिली। इसके बाद कम से कम छह दमकल गाड़ियों और बचाव वाहनों को घटनास्थल पर भेजा गया।
दमकल विभाग के अधिकारी के अनुसार, मलबे में करीब 15 लोगों के फंसे होने की आशंका है। अब तक दो लोगों की मौत और एक व्यक्ति के घायल होने की जानकारी सामने आई है। संकरी गलियों के कारण बचाव कार्य में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अभियान में दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग, एनडीएमसी और एमसीडी की टीमें शामिल हैं।
MCD के दो इंजीनियर सस्पेंड, पार्षद ने उठाए अवैध निर्माण पर सवाल
Building Collapse Accident हादसे के बाद दिल्ली नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए संबंधित जूनियर इंजीनियर और असिस्टेंट इंजीनियर को निलंबित कर दिया है। वहीं, इलाके की पार्षद राफिया माहिर ने अवैध निर्माण का मुद्दा उठाते हुए निगम प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पार्षद का कहना है कि इलाके में अवैध निर्माण को रोकने की मांग कई बार स्थायी समिति की बैठकों और सदन में उठाई गई थी। इसके बावजूद महापौर और स्थायी समिति के अध्यक्ष ने इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि समय रहते कार्रवाई होती तो इस तरह का हादसा टाला जा सकता था।
सुबह तेज आवाज के साथ ढही इमारत, प्रत्यक्षदर्शी ने बताई आंखों देखी घटना
Building Collapse Accident प्रत्यक्षदर्शी मोहम्मद नईम के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 9 से 9:30 बजे के बीच हुआ। उस समय आसपास के लोग सो रहे थे। अचानक इमारत गिरने की तेज आवाज सुनकर सभी लोग घरों से बाहर निकल आए। शुरुआत में लोगों को लगा कि उनका अपना मकान गिर गया है, लेकिन बाहर आने पर पता चला कि बगल में निर्माणाधीन इमारत मलबे में तब्दील हो चुकी है।
नईम ने बताया कि इमारत में तीन से चार लिंटल डाले जा चुके थे, जो एक साथ गिर गए। वहां काम कर रहे एक घायल मजदूर ने बताया कि घटना के समय तीन-चार लोग मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, उन्होंने एक शव को मलबे से बाहर निकालते हुए भी देखा। बताया गया कि इस इमारत का निर्माण पिछले तीन से चार महीनों से चल रहा था। फिलहाल, घटनास्थल पर राहत एवं बचाव अभियान जारी है।
Read this: भारत-न्यूजीलैंड के बीच 2 ODI कब होगा? जानें मैच की तारीख, समय और वेन्यू


