संवाददाता: रतन कुमार
Jamtara Cyber Crime झारखंड के जामताड़ा में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 8 लाख 13 हजार रुपये नकद, आठ मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड बरामद किए हैं। आरोपी क्रेडिट कार्ड से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने और फोन-पे पर कैशबैक दिलाने का लालच देकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे।
गुप्त सूचना पर दो स्थानों पर पुलिस की छापेमारी
Jamtara Cyber Crime गुरुवार को साइबर अपराध थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद साइबर डीएसपी अमित रविदास के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई थी। इसमें साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक अनिल अभिषेक, अमित कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक हीरालाल महतो और कुंदन कुमार वर्मा समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस टीम ने पहली छापेमारी नारायणपुर थाना क्षेत्र के बोरवा गांव में की। यहां बबलू अंसारी (22), पिता इदरिश मियां के घर से चार मोबाइल फोन और 8 लाख 13 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
इसके बाद पुलिस ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के काशीटांड़ आमबगान के पास दूसरी कार्रवाई की। यहां से पप्पू मंडल (25), पिता महेंद्र मंडल और प्रकाश कुमार मंडल (28), पिता रामलाल मंडल को गिरफ्तार किया गया। दोनों के पास से चार मोबाइल फोन जब्त किए गए।
फर्जी एप और कैशबैक संदेश से देते थे ठगी को अंजाम
Jamtara Cyber Crime एसपी शंभू कुमार सिंह के मुताबिक, आरोपी लोगों को फोन करके क्रेडिट कार्ड से संबंधित परेशानियां दूर करने का भरोसा दिलाते थे। इसके बाद उनके मोबाइल पर Rumyee App नाम से फर्जी एपीके फाइल भेजी जाती थी और उसे इंस्टॉल करवाया जाता था। एप इंस्टॉल होने के बाद आरोपियों को मोबाइल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां मिल जाती थीं, जिनका इस्तेमाल वे ठगी के लिए करते थे।
इसके अलावा आरोपी फोन-पे पर 1,999 रुपये का कैशबैक मिलने का फर्जी संदेश भेजते थे। ग्राहकों को कैशबैक स्वीकार करने के लिए कहा जाता था। जैसे ही कोई व्यक्ति इस संदेश को स्वीकार करता, आरोपी फर्जी एप के माध्यम से उसके साथ साइबर धोखाधड़ी कर लेते थे।
दो आरोपियों के खिलाफ पहले से दर्ज हैं साइबर अपराध के मामले
Jamtara Cyber Crime पुलिस ने इस कार्रवाई के संबंध में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 71/26 और 72/26 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और दूरसंचार अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार पप्पू मंडल पहले साइबर अपराध थाना कांड संख्या 33/25 में आरोप पत्रित है, जबकि प्रकाश कुमार मंडल के खिलाफ कांड संख्या 09/25 में आरोप पत्र दाखिल किया जा चुका है।
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस ने आठ मोबाइल फोन, छह सिम कार्ड और 8.13 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं। पुलिस अधीक्षक ने आम लोगों से अपील की है कि अनजान नंबरों से आने वाले लिंक और एपीके फाइल डाउनलोड न करें। कैशबैक के नाम पर मिलने वाले संदिग्ध संदेशों से सावधान रहें और अपनी बैंकिंग या निजी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।


