Morena Police Encounter मध्य प्रदेश के मुरैना में गुरुवार को पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर के बाद 80 हजार रुपये के इनामी बदमाश कल्ली गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया। ललितपुरा के जंगल में पुलिस और बदमाशों के बीच आमने-सामने की मुठभेड़ हुई, जिसमें पुलिस की गोली पैर में लगने से कल्ली गुर्जर घायल हो गया। पुलिस ने उसके साथी अजय गुर्जर को भी पकड़ लिया है। दोनों के कब्जे से तीन हथियार बरामद किए गए हैं।
मुखबिर की सूचना पर जंगल में पहुंची पुलिस टीम
Morena Police Encounter जानकारी के अनुसार, बानमोर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि 80 हजार रुपये का इनामी कल्ली गुर्जर अपने करीब आधा दर्जन साथियों के साथ पहाड़ी गांव के पीछे ललितपुरा के जंगल में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दीपेंद्र यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जंगल में दबिश दी।
बदमाशों ने की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ कल्ली
Morena Police Encounter पुलिस टीम को देखते ही बदमाशों ने शोर मचाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। अचानक हुई फायरिंग के बाद पुलिस जवानों ने मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों की ओर से करीब 20 राउंड फायर किए गए, जबकि पुलिस ने जवाब में आधा दर्जन गोलियां चलाईं।
इस दौरान पुलिस की गोली कल्ली गुर्जर के पैर में लगी और वह जमीन पर गिर पड़ा। उसे घायल देखकर उसके अन्य साथी जंगल की ओर भाग निकले। पुलिस ने कल्ली को अपने कब्जे में लिया और उसके साथी अजय गुर्जर को भी गिरफ्तार कर लिया।
तीन जिलों में दर्ज हैं 19 आपराधिक मामले, अस्पताल में भर्ती
Morena Police Encounter एसपी धर्मराज मीणा ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि कल्ली गुर्जर के खिलाफ मुरैना, ग्वालियर और श्योपुर जिले में कुल 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें लूट, डकैती, अपहरण, हत्या और चोरी जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। कल्ली पर 80 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों के कब्जे से दो रायफल और एक पिस्टल बरामद की हैं। मुठभेड़ के बाद पुलिस दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां घायल कल्ली गुर्जर सहित दोनों आरोपियों को भर्ती कराया गया है। पुलिस अब फरार बदमाशों की तलाश में जुटी है।
Read this: Delhi के चावड़ी बाजार में तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत गिरी, 2 लोगों की मौत, 15 के दबे होने की आशंका


