BY: Yoganand Shrivastva
Agniveer Scheme अग्निपथ योजना में बदलाव की तैयारी, रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने बताया- बेहतर प्रदर्शन करने वाले अग्निवीरों को नियमित सेना में शामिल होने का भी मिल सकता है अवसर केंद्र सरकार अग्निपथ योजना में बदलाव की तैयारी कर रही है। रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने अग्निवीरों की सेवा अवधि और भविष्य को लेकर अहम जानकारी दी है। उनके मुताबिक, चार साल की निर्धारित सेवा पूरी करने के बाद सभी अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार देने पर विचार किया जा रहा है। इस दौरान वे सेना, नौसेना और वायुसेना में अपनी सेवाएं जारी रख सकेंगे। इसके साथ ही अतिरिक्त सेवा अवधि में अग्निवीरों को शादी करने की अनुमति देने पर भी विचार किया जा रहा है।
अग्निवीरों का प्रदर्शन समीक्षा में पाया गया बेहतर
Agniveer Scheme रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने अग्निवीर योजना को सेना और जवानों, दोनों के लिए लाभकारी बताया है। उन्होंने कहा कि योजना शुरू करते समय ही तय किया गया था कि चार साल बाद इसकी समीक्षा की जाएगी। समीक्षा के दौरान अग्निवीरों का प्रदर्शन काफी अच्छा पाया गया है। विभिन्न सैन्य अभियानों में भी उनके कामकाज को सकारात्मक माना गया। इसी के आधार पर दो साल का अतिरिक्त सेवा कार्यकाल देने का विचार सामने आया है।
पात्र अग्निवीरों को नियमित सेना में शामिल होने का मौका
Agniveer Scheme राजेश कुमार सिंह के अनुसार, दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार पूरा होने के बाद नियमित सेवा में जाने के इच्छुक अग्निवीरों को अवसर मिल सकता है। इसके लिए उन्हें निर्धारित पात्रता और ऑपरेशनल मानकों को पूरा करना होगा। यानी बेहतर प्रदर्शन और योग्यता के आधार पर अग्निवीरों को स्थायी सैन्य सेवा में शामिल होने का एक और मौका दिया जा सकता है।
सेना को भी मिलेंगे प्रशिक्षित जवानों को बनाए रखने के अवसर
Agniveer Scheme रक्षा सचिव ने कहा कि अतिरिक्त दो साल की सेवा से अग्निवीरों को अपनी क्षमता साबित करने के लिए अधिक समय मिलेगा। वहीं सेना को भी बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षित जवानों को अपने साथ बनाए रखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने इस प्रस्ताव को अग्निवीरों के लिए दिवाली का तोहफा बताया।
सीडीएस ने भी दो साल के विस्तार का किया था ऐलान
Agniveer Scheme इससे पहले बुधवार को सीडीएस जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि ने अग्निपथ योजना में बदलाव को लेकर घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि चार साल का कार्यकाल पूरा करने वाले अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार दिया जाएगा। इसके बाद निर्धारित पात्रता मानदंडों को पूरा करने और अपनी सहमति देने वाले अग्निवीरों को नियमित सेवा में शामिल होने की पेशकश की जाएगी।


