Isa Ahmad
MBS Hospital Security Lapse: राजस्थान के कोटा स्थित एमबीएस अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी लापरवाही सामने आई है। अस्पताल के पुराने भवन में एक स्कूटी चालक मरीजों और उनके परिजनों के बीच से बेखौफ वाहन चलाते हुए न्यूरो, कैंसर और आई वार्ड तक पहुंच गया। इस घटना से अस्पताल में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मरीजों व स्टाफ में दहशत फैल गई।
MBS Hospital Security Lapse: न्यूरो, कैंसर और आई वार्ड तक पहुंचा स्कूटी चालक, मरीजों और तीमारदारों में मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अस्पताल परिसर में वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध होने के बावजूद स्कूटी चालक बिना किसी रोक-टोक के वार्डों तक पहुंच गया। मरीजों, तीमारदारों और अस्पताल कर्मियों ने जब अस्पताल के भीतर स्कूटी चलते देखी तो सभी हैरान रह गए। इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
MBS Hospital Security Lapse: सुरक्षा गार्ड ने केवल समझाइश देकर छोड़ा, अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
मौके पर मौजूद सुरक्षा गार्ड ने चालक को रोककर बाहर जाने के लिए कहा, लेकिन उसके खिलाफ किसी प्रकार की कानूनी या प्रशासनिक कार्रवाई नहीं की गई। केवल समझाइश देकर उसे अस्पताल परिसर से बाहर भेज दिया गया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था की गंभीरता पर सवाल उठ रहे हैं।
इस घटना के बाद लोगों का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति इतनी आसानी से वाहन लेकर वार्डों तक पहुंच सकता है, तो मरीजों और अस्पताल में भर्ती लोगों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाएगी। अब अस्पताल प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त बनाने तथा ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की जा रही है।



