रिपोर्ट – गौरव साहु
जनजीवन अस्त-व्यस्त
कटघोरा (कोरबा)। जिले में हो रही लगातार भारी बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं और जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। पोंडी उपरोड़ा ब्लॉक के कई गांव बाढ़ जैसी स्थिति से जूझ रहे हैं। खासकर ग्राम पचरा का आश्रित ग्राम अमामोहा पूरी तरह प्रभावित है।
कटोहि नाला उफान पर, गांव का संपर्क टूटा
गांव से होकर बहने वाला कटोहि नाला उफान पर है, जिसकी वजह से अमामोहा गांव का मुख्य मार्ग से संपर्क पूरी तरह टूट गया है। ग्रामीण अब बाहर आने-जाने में बेहद कठिनाई का सामना कर रहे हैं।
स्कूल बंद, बच्चे और शिक्षक नहीं पहुंच पा रहे
नाले के उफान के कारण गांव से स्कूल जाने का रास्ता भी बंद हो गया है। नतीजतन, अमामोहा के स्कूलों में बच्चों और शिक्षकों का आना-जाना पूरी तरह ठप हो गया है। शिक्षा व्यवस्था पर भी इसका बुरा असर पड़ रहा है।
खतरे में ग्रामीणों की जान
स्थिति इतनी गंभीर है कि ग्रामीण मोटरसाइकिल को कंधे पर लादकर पानी पार करने को मजबूर हैं। हर बार पार करते समय उनकी जान पर खतरा मंडराता है।
किसानों की फसलें डूबीं
लगातार बारिश और नाले के उफान से खेतों में पानी भर गया है। इससे किसानों की खड़ी फसलें भी बर्बादी की कगार पर पहुंच गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर बारिश और तेज हुई तो हालात और भी बिगड़ सकते हैं।





