MP BJP Mission : जन-जन तक पहुंचाएंगे सरकार की उपलब्धियां,संगठन,सरकार,चुनाव.. 2028 अगला पड़ाव
MP BJP Mission : मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी ओरछा में बीजेपी कार्यसमिति का दो दिवसीय महामंथन हुआ। दो दिन चली बैठक सिर्फ संगठन की बैठक नहीं, बल्कि आने वाले राजनीतिक रोडमैप का मंच भी बना। बैठक में संगठन को और मजबूत करने, सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और आगामी चुनावी रणनीति को धार देने के साथ कई बड़े संदेश निकलकर सामने आए हैं। कार्यसमिति की बैठक में पार्टी के शीर्ष नेताओं और पदाधिकारियों का जुटान हुआ।पार्टी पदाधिकारियों ने आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रणनीति पर व्यापक चिंतन-मनन और मंथन किया। संगठनात्मक चर्चा के अलावा समरसता का संकल्प और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में मध्य प्रदेश की भूमिका पर चर्चा की गई।
MP BJP Mission : रामराजा सरकार की नगरी ओरछा… जहां मध्यप्रदेश बीजेपी ने दो दिन तक संगठन और सत्ता से जुड़े कई अहम मुद्दों पर महामंथन किया। बैठक में प्रदेशभर से करीब 350 नेता और पदाधिकारी जुटे और चर्चा के केंद्र में कई महत्वपूर्ण विषय रहे। कार्यसमिति के महामंथन में मिशन-2028 का रोडमैप, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाने पर जोर देने के साथ ही युवा, महिला, किसान, रोजगार और बुंदेलखंड के विकास को लेकर भी रणनीति पर मंथन हुआ। सरकार के काम से संगठन की ताकत तक, ओरछा में क्या हुआ मंथन, डालते हैं एक नजर…
MP BJP Mission : कार्यसमिति में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार उद्योग, कृषि, शिक्षा, रोजगार और युवा विकास सहित सामाजिक कल्याण आदि क्षेत्रों में लगातार काम कर रही है। विकसित भारत 2047 के संकल्प से जोड़ने के लिए और किसान मोर्चा कल्याण, प्राकृतिक खेती और कृषि विकास के लिए लगातार काम किया जा रहा है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 सालों के सार्वजनिक जीवन और देश सेवा के संदेश को लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा, संकल्प अभियान के तहत व्यापक जनसंपर्क एवं सेवा गतिविधियां की जा रही हैं। यह अभियान सेवा, संवेदनशीलता और अनुशासन को सामाजिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प है। इसके जरिए सरकार की योजनाओं को नीचे तक पहुंचाने का काम किया जाएगा।
MP BJP Mission : ओरछा से बीजेपी ने आने वाले सियासी सफर की दिशा और रणनीति दोनों साफ करने की कोशिश की है।इसके साथ ही कांग्रेस द्वारा योजनाओं को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर भी विपक्ष को आईना दिखाया। अब कांग्रेस के आरोपों का जवाब भी पार्टी योजनाओं की सच्चाई पहुंचाकर सकरात्मक रूप जवाब देगी।बीजेपी नेताओं ने कहा कि विकास परियोजनाओं को लेकर कांग्रेस द्वारा भ्रम फैलाया जा रहा है। यह दुर्भाग्यजनक है।बहरहाल अब दो दिन चली कार्यसमिति की बैठक में बीजेपी ने अपनी आगामी दिशा तय कर दी है। जिस पर तेजी से काम करने की रणनीति बनाई है। कुल मिलाकर ओरछा का महामंथन बीजेपी के लिए संगठन, सरकार और चुनाव, तीनों मोर्चों पर आगे की दिशा तय करने वाला अहम पड़ाव माना जा रहा है।


