BY: Yoganand Shrivastva
उत्तर प्रदेश: बुलंदशहर जिले में बारिश ने एक युवक की जिंदगी छीन ली। घटना दो दिन पहले छतारी थाना क्षेत्र में घटी। युवक अपनी बाइक लेकर तेज बारिश से बचने के लिए एक नीम के पेड़ के नीचे खड़ा हुआ था। इसी दौरान पेड़ की जड़ें कमजोर होने के कारण वह अचानक गिर पड़ा और युवक उसके नीचे दब गया। मौके पर ही युवक की मौत हो गई।
हादसा पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि युवक पेड़ के नीचे खड़ा होकर बारिश से बचने की कोशिश कर रहा था। पेड़ गिरते ही उसे भागने का मौका नहीं मिला और वह नीचे दब गया। इस घटना में युवक की बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मरने वाले युवक की पहचान पहासू के बनैल गांव निवासी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। एडीएम फाइनेंस अभिषेक सिंह ने बताया कि लगातार हो रही बारिश और कमजोर पेड़ों की वजह से यह हादसा हुआ। प्रशासन पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करेगा।
इस हादसे में न केवल युवक की मौत हुई, बल्कि आसपास के इलाके में एक मकान भी गिर गया, जिसमें 9 पशु दबकर मर गए। यह घटना लोगों के लिए चेतावनी है कि भारी बारिश के दौरान पेड़ों और कमजोर संरचनाओं के पास न खड़ा हों।





