Vijay Sharma : मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर प्रेस वार्ता
Vijay Sharma : केंद्र की एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने दुर्ग सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, दुर्ग नगर निगम की महापौर अलका बाघमार समेत भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Vijay Sharma : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना
विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की सेवा करते हुए 12 वर्ष पूरे कर लिए हैं और वे लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए प्रधानमंत्रियों में सबसे लंबे समय तक पद पर बने रहने वाले नेताओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश के निर्माण, संस्कार, स्वाभिमान और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में नए प्रतिमान स्थापित किए हैं। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
Vijay Sharma : पश्चिम बंगाल को लेकर दिया जवाब
पश्चिम बंगाल में भाजपा की संभावनाओं और वहां जाने की चर्चाओं पर विजय शर्मा ने कहा कि वह भाजपा के एक साधारण कार्यकर्ता हैं और संगठन जो भी जिम्मेदारी देगा, उसका पूरी निष्ठा से पालन करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि पश्चिम बंगाल में भाजपा मजबूत नहीं होती तो वहां की स्थिति और अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकती थी।
Vijay Sharma : आईईडी फ्री विलेज अभियान का होगा विस्तार
गृहमंत्री ने बताया कि बस्तर में चलाए जा रहे आईईडी फ्री विलेज अभियान को अब दुर्ग संभाग के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और खैरागढ़ के दूरस्थ गांवों तक विस्तारित किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को नक्सली गतिविधियों और विस्फोटक खतरों से मुक्त करना तथा लोगों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।
Vijay Sharma : बांग्लादेशी घुसपैठियों पर सख्त कार्रवाई
पश्चिम बंगाल और बांग्लादेशी घुसपैठ के मुद्दे पर विजय शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार के निर्देशों के अनुसार बीएसएफ को आवश्यक भूमि उपलब्ध करा दी गई है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में भी अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पहले चरण में करीब 50 लोगों की पहचान की गई है, जिनकी जांच के बाद नियमानुसार डिपोर्ट करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
Vijay Sharma : सरकार की प्राथमिकता सुरक्षा और सुशासन
विजय शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार कानून व्यवस्था मजबूत करने, सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और ग्रामीण क्षेत्रों को सुरक्षित बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से विकास और सुरक्षा दोनों क्षेत्रों में सकारात्मक परिणाम मिलेंगे।





