Jharkhand Foundation Day झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर देवघर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ का आयोजन किया गया। इंडोर स्टेडियम से उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने हरी झंडी दिखाकर स्वच्छता दौड़ को रवाना किया। दौड़ पटेल चौक होते हुए जलसार तालाब पहुंचकर संपन्न हुई।
इस आयोजन में पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, महापौर रवि राउत, उपमहापौर टिप चटर्जी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्कूली बच्चे, सफाईकर्मी और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया और शहर को साफ-सुथरा रखने का संकल्प लिया।
छठ घाटों पर अधिकारियों ने किया श्रमदान
Jharkhand Foundation Day स्वच्छता दौड़ के समापन के बाद जलसार तालाब स्थित छठ घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। उपायुक्त समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वयं झाड़ू और फावड़ा उठाकर श्रमदान किया। इस दौरान घाटों से कचरा और पॉलिथीन हटाकर साफ-सफाई की गई।
स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने की अपील
Jharkhand Foundation Day मौके पर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल बंद करने और देवघर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
लोगों को दिलाई गई स्वच्छता की शपथ
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों को स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। आयोजन के माध्यम से लोगों को अपने आसपास सफाई रखने, सार्वजनिक स्थलों को कचरा मुक्त बनाने और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।


