Maternal Death जिले के गरोठ स्थित सिविल अस्पताल में प्रसव के बाद एक महिला की मौत होने से आक्रोशित परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए बच्चा बदलने की आशंका भी जताई है। घटना के बाद बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण अस्पताल परिसर में जमा हो गए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रसव के बाद बिगड़ी महिला की हालत, रेफर करने के दौरान मौत
Maternal Death परिजनों के अनुसार, महिला को प्रसव के लिए सुबह करीब 11 बजे गरोठ सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका दावा है कि महिला की नॉर्मल डिलीवरी हुई, लेकिन इसके बाद उसकी बच्चेदानी बाहर आ गई और हालत गंभीर हो गई। इसके बाद उसे उपचार के लिए भवानीमंडी रेफर किया गया। वहां से भी उसे झालावाड़ भेजा गया। परिजनों का कहना है कि रेफर किए जाने के दौरान रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया।
मृतका के पति ने आरोप लगाया कि गरोठ अस्पताल में बरती गई कथित लापरवाही के कारण उसकी पत्नी की जान गई। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है।
बच्चा बदलने का आरोप लगाकर परिजनों ने किया हंगामा
Maternal Death महिला की मौत की खबर मिलने के बाद परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। इस दौरान अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामा होता रहा। परिजनों ने इलाज में लापरवाही के साथ-साथ नवजात बच्चे को बदलने का आरोप भी लगाया। अस्पताल परिसर में मौजूद महिलाएं रोती-बिलखती नजर आईं। परिजनों ने अपनी मांगों को लेकर धरना शुरू कर दिया।
भीम आर्मी ने दिया समर्थन, निष्पक्ष जांच की मांग
घटना को लेकर सुबह भीम आर्मी के प्रिंस सूर्यवंशी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार के साथ धरने में शामिल होकर न्याय की मांग की और परिजनों को इंसाफ दिलाने का भरोसा दिया। फिलहाल अस्पताल प्रबंधन की ओर से आरोपों पर आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस और प्रशासन द्वारा मामले की जांच किए जाने की बात कही जा रही है। महिला की मौत और बच्चा बदलने के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।


