Dahi Micro Lift Irrigation Project जनजातीय गौरव दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर मध्यप्रदेश को बड़ी सौगात मिली। 15 नवंबर को धार जिले के डही में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 1,353.18 करोड़ रुपये की लागत से तैयार डही माइक्रो लिफ्ट इरीगेशन प्रोजेक्ट का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली शामिल हुए और उन्होंने देश के जनजातीय नायकों को नमन करते हुए आदिवासी समाज के योगदान और विकास कार्यों पर प्रकाश डाला।
धार और आलीराजपुर के 126 गांवों को मिलेगा सिंचाई के लिए पानी
Dahi Micro Lift Irrigation Project डही माइक्रो लिफ्ट इरीगेशन परियोजना से धार जिले के 84 और आलीराजपुर जिले के 42 गांवों को नर्मदा नदी का पानी सिंचाई के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। कुल 126 गांवों के किसानों को इससे लाभ मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल और जनजातीय समाज के उत्थान से जुड़े कार्यों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभ वितरित किए और जनजातीय विकास के लिए समर्पित भाव से काम करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, कुंवर विजय शाह सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
पीएम मोदी ने जनजातीय वीरों के योगदान को किया याद
Dahi Micro Lift Irrigation Project वर्चुअल संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत में जनजातीय नायकों की समृद्ध विरासत रही है। राधोजी भांगरे, भागोजी नाइक और वीर बाबूराव सेडमा जैसे वीरों की गाथाएं देश की गौरवशाली इतिहास परंपरा का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि 15 नवंबर 2021 से जनजातीय गौरव दिवस मनाने की शुरुआत हुई थी और अब यह राष्ट्रीय उत्सव बन चुका है। प्रधानमंत्री ने छोटा नागपुर के कोल आंदोलन, संथाल क्रांति और टंट्या भील, रानी गाइदेलियो, अल्लूरी सीताराम राजू तथा रानी दुर्गावती जैसे वीरों के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष और कम उम्र में किया गया आंदोलन आज भी करोड़ों भारतीयों के लिए प्रेरणा है।
जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए 30 हजार करोड़ की परियोजनाओं का उल्लेख
Dahi Micro Lift Irrigation Project प्रधानमंत्री ने बताया कि देश के विभिन्न राज्यों में जनजातीय क्षेत्रों से जुड़ी 170 से अधिक परियोजनाओं का लोकार्पण और 70 से अधिक परियोजनाओं का भूमिपूजन किया गया है। इनके तहत जनजातीय संग्रहालयों और शिक्षा सहित कई क्षेत्रों में विकास कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि देशभर में करीब 30 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी गई है।
मोदी ने पीएम जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने वंचित और पिछड़े क्षेत्रों के विकास के लिए विशेष प्रयास किए हैं। उन्होंने गरीब परिवारों के लिए चार करोड़ से अधिक आवास, 18 हजार गांवों तक बिजली पहुंचाने और आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा का जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से जनजातीय परिवारों को बेहतर उपचार मिल रहा है।
उन्होंने मुद्रा योजना के तहत बिना गारंटी ऋण, आकांक्षी जिलों और विकासखंडों में विकास कार्यों तथा पीएम कृषि धन-धान्य योजना के माध्यम से कृषि क्षेत्र में पिछड़े जिलों पर विशेष ध्यान देने की बात भी कही। प्रधानमंत्री के अनुसार, सरकार की प्राथमिकता गरीबों और वंचितों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों और सरकारी योजनाओं से करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकलने के नए अवसर मिले हैं।


