Samajwadi Party उत्तर प्रदेश के आगरा में समाजवादी पार्टी की ओर से आयोजित विशाल दलित सम्मेलन में पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। GIC मैदान में आयोजित सम्मेलन में उन्होंने दलित उत्पीड़न, संविधान, आरक्षण, पेपर लीक और सरकारी स्कूलों को बंद किए जाने जैसे मुद्दे उठाए। अखिलेश यादव ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में PDA की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि आगरा से PDA आंदोलन की शुरुआत हो रही है और अब PDA का ‘D’ यानी दलित कमजोर नहीं, बल्कि दमदार हो चुका है।
दलित उत्पीड़न और संविधान के मुद्दे पर भाजपा को घेरा
Samajwadi Party अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर दलितों के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए NCRB के आंकड़ों का हवाला दिया। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में दलितों के साथ सबसे ज्यादा अत्याचार हुए हैं। उनके मुताबिक, प्रदेश में अब तक बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की करीब 200 मूर्तियां तोड़ी जा चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बाबा साहब की मूर्तियों के साथ उनके हाथ में मौजूद संविधान की किताब को भी निशाना बनाया जा रहा है।
पेपर लीक के मुद्दे पर अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में 20 से अधिक परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा युवाओं को नौकरी और आरक्षण से दूर रखने की है। सरकारी स्कूलों के मुद्दे पर उन्होंने 26 हजार प्राथमिक विद्यालय बंद किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसका सबसे ज्यादा नुकसान PDA समाज के बच्चों को उठाना पड़ा है।
आगरा के मजदूरों, गरीबों और कर्मचारियों के लिए किए वादे
Samajwadi Party सम्मेलन में अखिलेश यादव ने आगरा की स्वास्थ्य सेवाओं, एंबुलेंस व्यवस्था और गरीबों को मिलने वाले राशन का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने सरकारी अस्पतालों में इलाज की व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि गरीबों को समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में PDA सरकार बनने पर कानून व्यवस्था में सुधार, महिला उत्पीड़न पर रोक और गरीबों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
आगरा के जूता उद्योग से जुड़े मजदूरों और कारीगरों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आठ घंटे से अधिक काम कराने पर ओवरटाइम का भुगतान सुनिश्चित कराया जाएगा। शिक्षकों और सफाई कर्मचारियों के हितों की रक्षा करने तथा SC-ST समाज को आगे बढ़ाने के लिए काम करने का भी भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब की मूर्तियां तोड़ने वालों को सजा दिलाई जाएगी।
2027 चुनाव को लेकर PDA की एकजुटता का दावा, वोटर लिस्ट पर भी उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि इस बार मुकाबला पांच प्रतिशत और 95 प्रतिशत के बीच होगा। उन्होंने दावा किया कि दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और शोषित वर्ग PDA के साथ एकजुट हो रहे हैं। भाजपा पर संविधान खत्म करने की साजिश का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि देश बाबा साहब के संविधान से ही चलेगा।
उन्होंने कहा, “इस बार लाठी हारेगी और लैपटॉप जीतने वाला है।” अखिलेश ने वोटर लिस्ट और SIR के मुद्दे पर भी भाजपा को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाताओं के नाम काटने की कोशिश की जा रही है और लोगों से अपने वोट की रक्षा करने की अपील की। उन्होंने दावा किया कि 2024 में हार का सामना करने वाली भाजपा को 2027 में भी करारी हार मिलेगी।


