भारतीय हॉकी टीम का एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी 2024 में जीत का सिलसिला जारी है। आज यानी शनिवार को पूल स्टेज मैच में पाकिस्तान को 2-1 से हरा दिया। टीम के दोनों गोल कप्तान हरमनप्रीत ने दागे। इसी के साथ भारत ने इस टूर्नामेंट में लगातार पांचवीं जीत दर्ज कर ली है। जबकि टीम पहले ही सेमीफाइनल का रास्ता तय कर चुकी है।
ऐसा रहा मैच का हाल
पाकिस्तान की ओर से एकमात्र गोल अहमद नदीम ने सातवें मिनट में ही कर दिया था, जिसके बाद भारतीय टीम 1-0 से पीछे हो गई थी। हालांकि उसके बाद भारत की ओर से कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 13वें मिनट और 19वें मिनट में गोल दागे और अपनी टीम को 2-1 से जीत तक पहुंचाया। अब सेमीफाइनल के मुकाबले 16 सितंबर को खेले जाएंगे जबकि फाइनल मैच 17 सितंबर को खेला जाएगा।
कुछ इस प्रकार रहा भारतीय टीम का एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी 2024
अब तक भारतीय इस टूर्नामेंट में अजेय रही है। भारत ने अपने पहले मैच में दक्षिण कोरिया को 3-1 से हराया था। वहीं, दूसरे मैच में टीम इंडिया ने मलयेशिया को 8-1 से रौंदा था। तीसरे मैच में भारतीय टीम ने जापान को 5-1 से शिकस्त दी थी। वहीं, चौथे मैच में चीन को हरमनप्रीत की टीम ने 3-0 से हराया था। भारत ने अब तक इस टूर्नामेंट में 21 गोल दागे हैं, जबकि चार गोल खाए हैं। भारत के डिफेंस ने शानदार काम किया है। हरमनप्रीत ने इस टूर्नामेंट में पांच गोल, अराइजीत सिंह ने तीन गोल दागे।





