Report: Hemant
Rajgarh Nala Accident राजगढ़ जिले के पड़ाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक नाला हादसे ने देवास जिले के सतवास तहसील स्थित धासड़ गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। हादसे का शिकार हुई ईको कार में एक ही परिवार के 11 सदस्य सवार थे, जो सतवास से कड़लावद गांव की ओर जा रहे थे। दुर्घटना में अब तक 7 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 2 लोग सुरक्षित बच निकलने में सफल रहे हैं।
Rajgarh Nala Accident निर्माणाधीन पुल के ऊपर बह रहा था पानी
जानकारी के अनुसार, लगातार हो रही बारिश के कारण झिरी नाले में जलस्तर काफी बढ़ गया था और निर्माणाधीन पुल के ऊपर से तेज बहाव के साथ पानी गुजर रहा था। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने कार सवारों को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया, लेकिन वाहन आगे बढ़ गया और देखते ही देखते तेज बहाव में बहकर नाले में समा गया।
हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल प्रशासन को सूचना दी गई।
Rajgarh Nala Accident रेस्क्यू अभियान में 7 शव मिले, 2 लोग सुरक्षित
घटना के बाद प्रशासन, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान अब तक 7 शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं कार में सवार मुकेश सिंह चौहान और हुकुम सिंह ने तैरकर अपनी जान बचा ली।
बचाव दल ने क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त ईको कार को भी नाले से बाहर निकाल लिया है। लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।
Rajgarh Nala Accident धासड़ गांव में पसरा मातम
हादसे की खबर मिलते ही धासड़ गांव में शोक की लहर दौड़ गई। एक ही परिवार के कई सदस्यों के हादसे का शिकार होने से पूरे गांव में गम का माहौल है। परिजन और ग्रामीण लगातार राहत कार्य की जानकारी ले रहे हैं।
प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान उफनते नालों और पुलों को पार करने में सावधानी बरतने की अपील की है। फिलहाल सभी की नजरें रेस्क्यू ऑपरेशन और लापता लोगों की तलाश पर टिकी हुई हैं।



