Yogi Adityanath Statement उत्तर प्रदेश विधानमंडल के मानसून सत्र से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्रकारों से बातचीत में विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। राम मंदिर में चढ़ावे और चंदे को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग मंदिर निर्माण के दौरान विरोध करते रहे और जिनका मंदिर निर्माण में कोई योगदान नहीं रहा, वही आज चंदा चोरी की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश और दुनिया ऐसे लोगों का दोहरा रवैया देख रही है।
Yogi Adityanath Statement आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए जल्द लागू होगा नया आयोग
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अगले एक से डेढ़ सप्ताह के भीतर आउटसोर्स कमीशन लागू किया जाएगा। इसके साथ ही आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए न्यूनतम मानदेय भी सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा बहनें, रसोइये और ग्राम चौकीदार जैसे कर्मियों को बेहतर मानदेय उपलब्ध कराने के लिए सरकार आवश्यक कदम उठा रही है और इसके लिए अनुपूरक बजट का भी प्रावधान किया गया है।
Yogi Adityanath Statement किसानों के हितों और विकास पर सरकार का जोर
सीएम योगी ने किसानों के मुद्दे पर विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने किसानों के हितों की अनदेखी की, जबकि वर्तमान सरकार ने सिंचाई, फसल बीमा और गन्ना भुगतान जैसी योजनाओं के जरिए किसानों को मजबूत किया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में लाखों किसानों को मुफ्त बिजली का लाभ मिल रहा है और खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। साथ ही उन्होंने विपक्ष से विकास और जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक सहयोग की अपील की।



