उत्तराखंड हादसा: मूसलधार बारिश के बीच नहर में गिरी कार, मासूम समेत चार की मौत, तीन गंभीर

- Advertisement -
Swadesh NewsAd image

BY: Yoganand Shrivastva

हल्द्वानी, : उत्तराखंड के हल्द्वानी में बुधवार सुबह तेज बारिश के बीच एक भयावह हादसा हो गया। फायर ब्रिगेड दफ्तर के पीछे स्थित सिंचाई नहर में एक कार अनियंत्रित होकर गिर गई और तेज बहाव में बहने लगी। कार में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें से एक मासूम बच्चे समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है।

कैसे हुआ हादसा?

बारिश के चलते पूरे शहर के नाले और नहरें उफान पर हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज बहाव में कार गिरते ही वह कुछ ही दूरी पर एक पुलिया में फंस गई। पानी कार में तेजी से भरता गया, जिससे उसमें फंसे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कार के शीशे तोड़कर जब बचावकर्मी अंदर पहुंचे, तब तक चार लोगों की जान जा चुकी थी। घायलों को तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।


SP सिटी का बयान

एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने बताया कि हादसे में एक बच्चे सहित चार लोगों की मौत हुई है। तीन अन्य घायल हैं, जिनका इलाज जारी है। फिलहाल मृतकों की पहचान की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।


शहर में बारिश से हालात बिगड़े

तेज बारिश के चलते हल्द्वानी के देवखड़ी, रक्सिया और कलसिया जैसे इलाकों की नहरों और नालों में भी पानी का बहाव खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। कई इलाकों में नालों का पानी सड़कों तक आ चुका है।

नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने बताया कि नगर निगम ने समय रहते नालों की सफाई करा ली थी, जिससे जलभराव की स्थिति नहीं बनी। फिर भी कुछ इलाकों से शिकायतें मिली हैं, जिन पर नगर निगम, फायर सर्विस, आपदा प्रबंधन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच रही हैं।


लोगों से की गई अपील

प्रशासन की ओर से अपील की गई है कि लोग अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, खासकर उन इलाकों में जहां जलभराव या नहरों का तेज बहाव देखा जा रहा है। नालों और जलधाराओं के पास जाना फिलहाल बेहद जोखिम भरा है।

Sandipani Vidyalaya : सांदीपनि विद्यालयों के तैयार भवन, स्कूल चलें अभियान में कराएं लोकार्पण

Sandipani Vidyalaya : भवनों का लोकार्पण, स्कूलों का युक्तियुक्तकरण, आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और