रिपोर्ट- अविनाश चंद्रा
एमसीबी/छत्तीसगढ़। जिले के चिरमिरी क्षेत्र में कबाड़ माफिया इन दिनों अवैध कारोबार को अंजाम देने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाते नजर आ रहे हैं। गुरुवार को पोड़ी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बड़ी कार्यवाही करते हुए अवैध लोहा से भरी एक स्कॉर्पियो गाड़ी को पकड़ लिया।
ऐसे हुआ खुलासा
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक स्कॉर्पियो वाहन में एसईसीएल की कोयला खदानों में इस्तेमाल होने वाले भारी मशीन पार्ट्स को अवैध रूप से ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया और वाहन को रोका। जांच के दौरान स्कॉर्पियो से करीब दो क्विंटल वजनी लोहे का सामान बरामद हुआ।
पुलिस ने किया जप्त
थाना प्रभारी आर.एन. गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन और उसमें भरा लोहा दोनों को जप्त कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि यह सामान कहां से लाया गया और कहां भेजा जा रहा था।
कबाड़ माफियाओं पर नकेल
स्थानीय लोगों का कहना है कि चिरमिरी क्षेत्र में लंबे समय से कबाड़ माफिया सक्रिय हैं और कोयला खदानों के उपकरणों को अवैध रूप से बेचने का खेल जारी है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है।





