रिपोर्ट- दिनेश गुप्ता
छत्तीसगढ़ की महतारी बंधन योजना को लेकर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अंबिकापुर दौरे के दौरान बड़ा बयान दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस योजना का लाभ केवल उन्हीं महिलाओं को मिलेगा, जिनके लिए इसे शुरू किया गया है।
योजना का उद्देश्य
मंत्री राजवाड़े ने कहा कि महतारी बंधन योजना का मूल उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करना है। उन्होंने साफ किया कि यह योजना किसी भी सूरत में उन लोगों के लिए नहीं है जो पहले से ही सक्षम हैं।
अपात्र लोगों को हटाने की अपील
मंत्री ने कहा, “अगर कोई महिला सरकारी नौकरी पेशा है या फिर आयकर दाता है और ग्रेड-1, ग्रेड-2, ग्रेड-3 में आती है, तो उन्हें इस योजना का लाभ नहीं लेना चाहिए। ऐसे लोग खुद आगे आकर सूची से अपना नाम हटाएँ।”
अब तक 70 लाख महिलाओं को मिला लाभ
उन्होंने जानकारी दी कि अब तक लगभग 70 लाख महिलाओं को महतारी बंधन योजना का सीधा लाभ मिल चुका है। वहीं, जिन पात्र महिलाओं का नाम सूची में नहीं जुड़ा है, उनके लिए सरकार ने पोर्टल की व्यवस्था भी की है, ताकि कोई भी पात्र महिला योजना से वंचित न रहे।
ग्रामीण और शहरी, दोनों को मिलेगा फायदा
मंत्री राजवाड़े ने यह भी स्पष्ट किया कि यह योजना केवल ग्रामीण ही नहीं बल्कि शहरी जरूरतमंद महिलाओं के लिए भी है। सरकार की मंशा है कि उन महिलाओं तक मदद पहुँचे जिन्हें वास्तव में इसकी आवश्यकता है।





