Report By: Satyanarayan Beragi
Mandsaur: मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा खंडित किए जाने का मामला सामने आया है। घटना भानपुरा के नजदीक स्थित लोटखेड़ी गांव की है, जहां अज्ञात व्यक्ति ने देर रात संविधान निर्माता बाबा साहब की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सुबह होते ही भीम आर्मी सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन करते हुए भानपुरा बाईपास पर जाम लगा दिया।
Mandsaur: रात 11 से 12 बजे के बीच प्रतिमा खंडित करने की घटना
जानकारी के अनुसार, लोटखेड़ी गांव में बीती रात करीब 11 से 12 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को खंडित कर दिया। सुबह जब ग्रामीणों को इस घटना की जानकारी मिली तो गांव में आक्रोश फैल गया। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की।
Mandsaur: भीम आर्मी सहित सामाजिक संगठनों ने किया चक्काजाम
प्रतिमा खंडित किए जाने की घटना के विरोध में सुबह भीम आर्मी सहित अन्य सामाजिक संगठनों के सदस्य मौके पर पहुंचे। आक्रोशित लोगों ने भानपुरा बाईपास पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि बाबा साहब की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने वाले आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इस दौरान मौके पर काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए।
Mandsaur: एडिशनल एसपी रामस्नेही मिश्रा मौके पर पहुंचे
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। एडिशनल एसपी गरोठ रामस्नेही मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और उन्हें समझाने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बावजूद प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर धरने पर डटे रहे। स्थिति को नियंत्रित रखने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मौके पर तैनात रहा।

Mandsaur: एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन
मीडिया से चर्चा करते हुए एडिशनल एसपी रामस्नेही मिश्रा ने बताया कि पुलिस प्रशासन कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर मौजूद है। मामले में एफआईआर दर्ज कराई जा रही है और पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास करेगी। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
Mandsaur: ग्रामीणों में नाराजगी, पुलिस जांच पर टिकी नजरें
लोटखेड़ी गांव में बाबा साहब की प्रतिमा खंडित किए जाने की घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों में नाराजगी है। प्रदर्शन के दौरान भीम आर्मी के पूर्व संभाग उपाध्यक्ष विजय धामनिया, स्थानीय ग्रामीण और ग्राम पंचायत के सरपंच देवीलाल धाकड़ सहित अन्य लोगों ने भी अपनी बात रखी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अब सभी की नजरें पुलिस कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी हैं।
Reas also: Dabra में एनएसजी कमांडो की जमीन पर कब्जे की कोशिश का आरोप, न्याय के लिए SDM कार्यालय पहुंचे जवान


