यूपी के सोनभद्र में बड़ा हादसा: स्कूल पर गिरी आसमानी बिजली, तीन की मौत, दो छात्राएं घायल

- Advertisement -
Swadesh NewsAd image

BY: Yoganand Shrivastava

सोनभद्र | उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में शुक्रवार को आसमानी बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हुआ। इस घटना में दो छात्रों सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो छात्राएं घायल हो गईं। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

क्लासरूम में पढ़ाई के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, चोपन थाना क्षेत्र के नौटोलिया गांव स्थित एक पब्लिक स्कूल में बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। तभी अचानक तेज धमाके के साथ बिजली गिरी और 13 वर्षीय दीपक तथा 8 वर्षीय अरविंद की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में 14 वर्षीय रेखा गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गई।

स्कूल के पास बुजुर्ग की भी गई जान

इसी दौरान स्कूल के पास मौजूद 60 वर्षीय सर्वजीत भी बिजली की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घायलों का इलाज जारी

सीओ रणधीर कुमार मिश्रा ने बताया कि हादसे में घायल छात्राओं को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। चोपन स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर अर्जुन कुमार ने पुष्टि की कि अस्पताल पहुंचने से पहले दो बच्चों की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल छात्रा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जबकि दूसरी छात्रा का इलाज जारी है।

प्रशासन ने की सहायता की घोषणा

एसडीएम विवेक कुमार सिंह ने कहा कि मृतकों और घायलों के परिजनों को जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही शिक्षा विभाग द्वारा संबंधित विद्यालय की जांच कराई जाएगी ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि स्कूल संचालन में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।