Hanuman Hans Actress : खंडवा। सुपरहिट फिल्म ‘हनुमान हंस’ में मां पार्वती का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री नेहा परांजपे खंडवा पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने फिल्म से जुड़े अपने अनुभव साझा किए और फिल्म की सफलता को लेकर खुलकर बातचीत की।
नेहा ने बताया कि ‘हनुमान हंस’ किसी चमत्कारी कहानी के बजाय एक आम व्यक्ति की कहानी को सामने रखने वाली फिल्म है। उन्होंने फिल्म में नीम करोली बाबा के चित्रण को लेकर कहा कि बाबा आम लोगों के बीच सामान्य तरीके से रहने वाले व्यक्ति थे। फिल्म में उनके जीवन और व्यक्तित्व को इसी दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है।

Hanuman Hans Actress : फिल्म में बड़े चेहरे नहीं, फिर भी मिली बड़ी सफलता
फिल्म की सफलता पर अभिनेत्री नेहा परांजपे ने कहा कि इसमें किसी बड़े स्टार या चर्चित चेहरे की मौजूदगी नहीं होने के बावजूद दर्शकों ने इसे पसंद किया। उनके मुताबिक लोगों के प्यार और माउथ पब्लिसिटी ने फिल्म को दर्शकों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि नीम करोली बाबा का आशीर्वाद है कि फिल्म को देशभर में दर्शकों का प्यार मिल रहा है और फिल्म को अच्छी प्रतिक्रिया मिली है।
Hanuman Hans Actress : कैंची धाम जाने की जताई इच्छा
नेहा परांजपे ने बताया कि वह अभी तक कैंची धाम नहीं गई हैं। उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा है कि वह एक दिन कैंची धाम जाकर बाबा के दर्शन करें।
फिल्म के अगले हिस्से में दोबारा कलाकारों को मौका मिलने के सवाल पर नेहा ने कहा कि इस बारे में अभी कुछ कहना मुश्किल है। उन्होंने बताया कि नीम करोली बाबा अलग-अलग स्थानों पर रहे और उनका जीवन भी कई जगहों से जुड़ा रहा, इसलिए भविष्य में बनने वाले पात्रों के लिए कौन-कौन से कलाकार नजर आएंगे, यह कहना फिलहाल कठिन है।


