BY: Yoganand Shrivastva
Cleanliness Drive ऐतिहासिक ग्वालियर किले को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से रविवार को स्वच्छता, श्रमदान और पौधरोपण अभियान चलाया गया। समाजसेवी एवं वाटर वूमन के रूप में पहचान रखने वाली सावित्री श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में दाता बंदी छोड़ गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के पदाधिकारियों के साथ सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने सहभागिता की।
अभियान के दौरान प्रतिभागियों ने किले परिसर में श्रमदान करते हुए साफ-सफाई की। लोगों ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए ऐतिहासिक स्थल को साफ रखने में सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
पौधरोपण के जरिए दिया हरियाली का संदेश
Cleanliness Drive स्वच्छता अभियान के साथ किले परिसर के विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण भी किया गया। पर्यावरण संरक्षण और शहर में हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से लोगों ने पौधे लगाए। इस दौरान स्वच्छ ग्वालियर और सुंदर ग्वालियर के संकल्प को मजबूत करने के साथ नागरिकों की भागीदारी को जरूरी बताया गया।

जल और पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने की अपील
Cleanliness Drive वाटर वूमन सावित्री श्रीवास्तव ने कहा कि वर्तमान समय में जल, प्रकृति और पर्यावरण का संरक्षण बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज के सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ और हरित वातावरण तैयार किया जा सकता है।
अभियान में शामिल लोगों ने भविष्य में भी इस तरह के स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के समापन पर लोगों ने स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति आमजन को जागरूक करने का संदेश दिया।


