रिपोर्ट- प्रयास कैवर्त, एडिट- विजय नंदन
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: जिले में शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी द्वारा बुलाई गई किसानों की एक आवश्यक बैठक से अनुपस्थित रहने के कारण एक पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। धान खरीदी और एग्रीस्टैक पोर्टल में किसान पंजीयन से जुड़ी एक आवश्यक बैठक का आयोजन किया गया था। पटवारी बुद्ध सिंह बैगा को बैठक की सूचना होने के बावजूद वे उसमें नदारद रहे। इस अनुशासनहीनता को गंभीरता से लेते हुए, पेंड्रा रोड के एसडीएम (SDM) ने पटवारी बुद्ध सिंह बैगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एसडीएम, राजस्व, पेंड्रा रोड द्वारा जारी किए गए निलंबन आदेश में इसे “कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही व अनुशासनहीनता” बताया गया है।

प्रशासन का कड़ा संदेश:
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एग्रीस्टैक पोर्टल पर किसान पंजीयन की अंतिम तिथि नजदीक है, ऐसे में पटवारी का यह लापरवाह रवैया बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने कड़े शब्दों में संदेश दिया है कि “शासकीय कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





