संवाददाता-अमित श्रीवास्तव
निवाड़ी: जिले के पृथ्वीपुर में गुरुवार को यूरिया खाद न मिलने से नाराज किसानों ने मंडी के सामने निवाड़ी-पृथ्वीपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्री परेशान रहे।
घटना की सूचना मिलते ही पृथ्वीपुर एसडीएम और एसडीओपी स्थानीय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनी और जाम हटवाने का प्रयास किया।
किसानों का कहना है कि प्रतिदिन खाद केंद्रों पर लंबी लाइन लगाने के बावजूद उन्हें यूरिया खाद नहीं मिल रही, जो खरीफ की फसल के लिए अत्यंत आवश्यक है। खाद न मिलने से उनकी खेती प्रभावित हो रही है।
साथ ही किसानों ने अधिकारियों पर लापरवाही के आरोप भी लगाए। उनका कहना है कि अधिकारी सही तरीके से मॉनिटरिंग नहीं कर रहे हैं। किसान बताते हैं कि वे लाइन में खड़े रहते हैं, जबकि कुछ लापरवाह निजी कर्मचारी और व्यापारी परिचितों के लिए ऑनलाइन भुगतान करवा कर खाद की पर्चियां सीधे खिड़कियों से निकाल देते हैं। किसानों ने खाद की कालाबाजारी की घटनाओं की भी शिकायत की है।
इस प्रदर्शन से यह साफ हुआ कि किसानों की समस्याओं को गंभीरता से न लेना और खाद वितरण में गड़बड़ी उनके लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है।





