Bollywood Underworld Threat : लॉरेंस गैंग से जुड़े हमलावरों के तार, 3 गिरफ्तार,क्या बॉलीवुड में फिर लौट रहा अंडरवर्ल्ड का खौफ ?
Bollywood Underworld Threat : 90 का दशक, बॉलीवुड पर अंडरवर्ल्ड का साया, धमकी, वसूली और दहशत, बॉलीवुड में आज फिर सुरक्षा पर सवाल हैं। बॉलीवुड के इतिहास में 90 का दशक वह दौर रहा, जब अंडरवर्ल्ड की धमकियों और कथित वसूली ने फिल्म इंडस्ट्री को परेशान किया था। फिल्म निर्माताओं से लेकर बड़े सितारों तक, कई हस्तियों की सुरक्षा चिंता का विषय बनी। वक्त बदला, तकनीक बदली, पुलिसिंग का तरीका बदला… लेकिन हाई-प्रोफाइल लोगों पर फायरिंग की घटनाएं फिर वही पुराना सवाल सामने ला रही हैं क्या संगठित अपराध का दबाव दोबारा बढ़ रहा है? दरअसल मायानगरी में गोलियों की आवाज ने एक बार फिर बॉलीवुड की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार को निशाना बनाकर फायरिंग की गई। अभिनेता सुरक्षित हैं, लेकिन घटना में उनके ड्राइवर समेत दो लोग घायल हुए। घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक कथित गैंग लॉरेंस बिशनोई कनेक्शन का दावा सामने आया। लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों के नाम पर जिम्मेदारी लेने की बात कही गई। जिसके बाद सरकार ने फिल्म इंडस्ट्री और सभी सेलिब्रिटीज की सुरक्षा व्यवस्था की नए सिरे से समीक्षा करने का आदेश दिया है। उधर विपक्ष के नेता सरकार की मंशा पर सवाल खड़े कर रहे हैं। क्योंकि सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग और फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के आवास के बाहर हुई गोलीबारी जैसी घटनाओं ने पहले ही सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाई थी। अब टाइगर श्रॉफ प्रकरण ने फिल्म जगत की बेचैनी को और बढ़ा दिया है। ऐसे में सवाल कई सारे हैं, जिनका जवाब अतीत की यादों में नहीं, आज की जांच में छिपा है। क्या यह किसी गिरोह की दहशत कायम करने की कोशिश है ? क्या इसके पीछे रंगदारी या निजी रंजिश है ? या फिर कहानी कुछ और है ? मुंबई पुलिस के सामने चुनौती सिर्फ हमलावरों को पकड़ने की नहीं, बल्कि पूरी साजिश का पर्दाफाश करने की भी है। क्योंकि मायानगरी में सितारों की चमक बनी रहनी चाहिए, गोलियों का खौफ नहीं।।।इसी मुद्दे पर करेंगे चर्चा….लेकिन …
Bollywood Underworld Threat : देश की आर्थिक राजधानी मुंबई…जहां बॉलीवुड की चमचमाती रोशनी, फिल्म इंडस्ट्रीज में करोड़ों का कारोबार और रुपहले परदे पर सितारों की शोहरत। लेकिन इसी चमकती दुनिया पर एक बार फिर गोलियों का साया मंडराने लगा है। मुंबई के जुहू में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग ने न सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री की सुरक्षा पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि 90 के दशक की उन खौफनाक यादों को भी ताजा कर दिया है, जब अंडरवर्ल्ड की धमकियों और वसूली ने बॉलीवुड को दहशत में डाल रखा था। इस घटना ने 1990 के दशक के उस दौर की यादें ताजा कर दी, जब मुंबई फिल्म इंडस्ट्री पर अंडरवर्ल्ड, रंगदारी और लक्षित हत्याओं का खौफ हावी रहता था।दरअसल पिछले कुछ समय में सलमान खान, निर्देशक रोहित शेट्टी और अन्य कलाकारों को मिली धमकियों और बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद इस हमले ने बॉलीवुड की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग करने वाले हमलावर 15 घंटे में राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन से पकड़े गए हैं। हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा भी है, पुलिस के मुताबिक, लॉरेंस गैंग के अनिल पंडित ने हमला करने का कॉन्ट्रैक्ट दिया था। जिसका एक ऑडियो भी अनिल पंडित ने जारी किया है।
Bollywood Underworld Threat : बता दें कि सपनों की नगरी मुंबई…, लेकिन इसी मायानगरी की एक ऐसी कहानी भी है, जहां कभी सितारों की चमक पर अंडरवर्ल्ड का खौफ भारी पड़ता था। फोन पर धमकी, करोड़ों की फिरौती और इनकार करने पर गोलियों की बौछार। 90 के दशक में बॉलीवुड ने अंडरवर्ल्ड का वो दौर देखा, जिसकी कहानियां आज भी सिहरन पैदा करती हैं। दाऊद इब्राहिम, छोटा शकील और अबू सलेम, हाजी मस्तान… ये वो नाम थे, जिनकी चर्चा फिल्मी दुनिया में कथित वसूली और धमकियों के साथ होती थी। गुलशन कुमार की हत्या से लेकर राकेश रोशन पर हुए हमले तक, बॉलीवुड ने हिंसा के कई काले अध्याय देखे। और अब टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद एक बार फिर वही सवाल कि क्या बॉलीवुड पर एक बार फिर अंडरवर्ल्ड का खतरा मंडरा रहा है ? क्या अपराध की दुनिया ने अपना तरीका बदल लिया है, या इतिहास खुद को दोहराने की कोशिश कर रहा है ?
Bollywood Underworld Threat : ऐसे में सवाल है कि क्या 90 के दशक का खौफ नए चेहरों और नए तरीकों के साथ लौट रहा है ? यह महज एक आपराधिक वारदात है, या बॉलीवुड को डराने के पुराने दौर की नई कड़ी ? उधर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना पर कहा गंभीर और निंदनीय बताया। कहा कि मुंबई पुलिस ने इसे पूरी गंभीरता से लिया है। कुछ खास लोगों की पहचान भी कर ली गई है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। तो वहीं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घटना पर सख्त रुख अपनाया है। कहा कि हमलावरों को बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें उन्हीं की भाषा में जवाब दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की धमकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उधर शिवसेना (उद्धव गुट) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा कि देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री होने के साथ राज्य के गृहमंत्री भी हैं। उनके पास कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी है। मुंबई में कई घटनाएं हुई हैं, ये जंगलराज है।
Bollywood Underworld Threat : बहरहाल अब टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना ने पुराने सवालों को फिर सामने ला दिया है। लेकिन किसी वारदात को 90 के दशक के अंडरवर्ल्ड की वापसी कहना अभी जल्दबाजी होगी। क्योंकि 90 के दशक में अंडरवर्ल्ड का दबदबा एक अलग तरह की चुनौती था। आज सवाल है कि क्या नए आपराधिक नेटवर्क उसी तरह फिल्मी हस्तियों को निशाना बनाने की कोशिश कर रहे हैं ? इसका जवाब किसी एक वायरल पोस्ट से नहीं, बल्कि जांच में सामने आने वाले सबूतों से मिलेगा। अब निगाहें तीन बातों पर हैं कि हमले की असली वजह, इसके पीछे मौजूद लोगों का नेटवर्क और बॉलीवुड की सुरक्षा के लिए उठाए जाने वाले कदम। क्योंकि बॉलीवुड की चमक बरकरार रहे, इसके लिए जरूरी है कि सितारों की सुरक्षा और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई दोनों पर बराबर ध्यान दिया जाए।
READ MORE : Jailer 2 Box Office : रजनीकांत का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, 4 दिन में दुनियाभर से कमाए ₹424 करोड़


