BY: Yoganand Shrivastva
नई दिल्ली, बैंक ऑफ बड़ौदा के साथ करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोपी मुनव्वर खान को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने कुवैत से प्रत्यर्पित कर भारत लाया है। यह कार्रवाई इंटरपोल, विदेश मंत्रालय और कुवैत की राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो (NCB) के सहयोग से संभव हो सकी।
इंटरपोल रेड नोटिस के बाद गिरफ्तारी
सीबीआई ने बताया कि मुनव्वर खान पर आपराधिक षड्यंत्र, जालसाजी और धोखाधड़ी के गंभीर आरोप हैं। इस मामले में फरवरी 2022 में इंटरपोल के माध्यम से रेड नोटिस जारी किया गया था। नोटिस के आधार पर कुवैत पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया और भारत प्रत्यर्पण के लिए मंजूरी दी।
चेन्नई में CBI की विशेष टीम ने लिया हिरासत में
कुवैत से सुरक्षा घेरे में लाए गए मुनव्वर खान को हैदराबाद हवाई अड्डे पर सीबीआई की विशेष कार्यबल ने हिरासत में लिया। अब उसे चेन्नई में दर्ज मामलों में पेश किया जाएगा।
करोड़ों की बैंक धोखाधड़ी का मामला
जांच एजेंसियों के मुताबिक, मुनव्वर खान ने कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर बैंक ऑफ बड़ौदा को करोड़ों रुपये का चूना लगाया। वारदात के बाद वह देश छोड़कर कुवैत भाग गया था और उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया।
CBI का लगातार अभियान
सीबीआई का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में इंटरपोल की मदद से 130 से अधिक फरार आरोपियों को विदेशों से भारत लाया जा चुका है। मुनव्वर खान का प्रत्यर्पण इस दिशा में एक और बड़ी सफलता है।





