by: vijay yadav
Ara Job Fair : आरा। भोजपुर जिले के युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। 10 सितंबर को एक दिवसीय नियोजन सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया जाएगा। श्रम संसाधन विभाग और जिला नियोजन कार्यालय, भोजपुर के संयुक्त तत्वावधान में यह रोजगार मेला कृषि भवन परिसर में आयोजित होगा।
यह परिसर नागरी प्रचारिणी, रमना मैदान के पास स्थित है। रोजगार मेले का आयोजन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा।
जिला नियोजन पदाधिकारी प्रणव प्रतीक के मुताबिक, मेगा जॉब फेयर में 24 से अधिक निजी कंपनियां शामिल होंगी। इन कंपनियों में विभिन्न पदों पर 500 से ज्यादा रिक्तियों के लिए युवाओं का चयन किया जाएगा। खास बात यह है कि भर्ती प्रक्रिया में अभ्यर्थियों से किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
Ara Job Fair : कई बड़ी कंपनियां लेंगी हिस्सा
रोजगार मेले में फ्लिपकार्ट, एलआईसी, अवसर एचआर सर्विसेज, डीसेट्स प्राइवेट लिमिटेड, एलीट फूड्स, गार्डियंस सिक्योरिटी सॉल्यूशंस, नवा भारत फर्टिलाइजर्स, क्वेस कॉर्प लिमिटेड, सिस लिमिटेड और ट्रिपल कैनोपी सिक्योरिटी समेत कई कंपनियां हिस्सा लेंगी।
कंपनियों की ओर से तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों तरह के पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इससे अलग-अलग योग्यता और कौशल रखने वाले युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।

Ara Job Fair : रोजगार के साथ करियर मार्गदर्शन भी
मेले का उद्देश्य केवल युवाओं को नौकरी उपलब्ध कराना नहीं है। यहां उन्हें करियर से जुड़े मार्गदर्शन के साथ-साथ स्वरोजगार और कौशल विकास की सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
इसके लिए विभिन्न विभागों और संस्थानों की ओर से अलग-अलग स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें नेशनल करियर सर्विस सेंटर फॉर डिफरेंटली एबल्ड, जिला उद्योग केंद्र, आरसेटी, डीआरसीसी और श्रम संसाधन विभाग शामिल हैं।
इन स्टॉल के माध्यम से युवाओं को रोजगार, प्रशिक्षण, स्वरोजगार और सरकारी योजनाओं से जुड़ी जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। ऐसे में भोजपुर और आसपास के क्षेत्र के नौकरी तलाश रहे युवाओं के लिए यह जॉब फेयर रोजगार के साथ करियर की दिशा तय करने का भी अच्छा अवसर साबित हो सकता है।


