रिपोर्ट-; शबीहुल हसनैन
Bahraich News जिले के दरगाह शरीफ थाना पुलिस और स्वाट टीम ने महिला के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, वारदात में इस्तेमाल की गई होंडा यूनिकॉर्न मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया है। विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।
4 अक्टूबर को महिला से हुई थी चेन स्नैचिंग
Bahraich News पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से प्रयागराज की रहने वाली राजकुमारी पत्नी वरुण अरोरा वर्तमान में बहराइच शहर के रायपुर राजा क्षेत्र में रहती हैं। 4 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7:52 बजे वह कहीं जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार एक अज्ञात व्यक्ति ने झपट्टा मारकर उनके गले से करीब 7 ग्राम वजन की सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गया।
पीड़िता की तहरीर पर दरगाह शरीफ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर दरगाह शरीफ पुलिस और स्वाट-सर्विलांस की संयुक्त टीम गठित की गई।
सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से मिला सुराग
Bahraich News पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से आरोपी की पहचान की गई। इसके बाद 30 अक्टूबर को मालगोदाम रोड से रेलवे स्टेशन जाने वाले रास्ते पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विष्णु कुमार यादव (30), पुत्र तेज कुमार यादव, निवासी सिरौला टेपरा, थाना हुजूरपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से महिला से छीनी गई सोने की चेन, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस टीम को मिली सफलता
सीओ सिटी नारायण दत्त मिश्रा ने बताया कि इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अमितेंद्र सिंह के नेतृत्व में दरगाह शरीफ थाने की पुलिस टीम के साथ स्वाट-सर्विलांस टीम शामिल रही। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय रवाना कर दिया है।


