रिपोर्ट- वैभव चौधरी
धमतरी जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। धमतरी-नगरी मार्ग पर गुरुवार को एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 4 साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को एक बस सवारियों को लेकर धमतरी से नगरी की ओर जा रही थी। इसी दौरान केरेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम खड़ादाह के पास अचानक बस चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बस पलट गई। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में करीब 20 यात्री सवार थे।
मासूम की मौत, घायलों का इलाज जारी
हादसे में रागिनी निषाद नामक 4 साल की बच्ची, जो ग्राम बासनवाही की निवासी थी, गंभीर रूप से घायल हुई। जिला अस्पताल धमतरी लाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं दो अन्य घायलों का इलाज जारी है। डॉक्टरों का कहना है कि घबराने की बात नहीं है, सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर है।
पुलिस और प्रशासन की तत्परता
घटना की सूचना मिलते ही केरेगांव पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत जिला अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।





