BY: Yoganand Shrivastva
हरिद्वार : जिले के रुड़की में सांपों के जहर के अवैध व्यापार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम ने खंजरपुर क्षेत्र में स्थित एक गोदाम पर छापा मारकर 86 जहरीले सांप बरामद किए हैं। इनमें कोबरा और रसैल वाइपर जैसी बेहद खतरनाक प्रजातियां भी शामिल हैं। फिलहाल सांपों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
शिकायत पर हुई कार्रवाई
पीपल फॉर एनिमल्स (PFA) से जुड़े गौरव गुप्ता की शिकायत पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जानकारी के मुताबिक, गोदाम में लंबे समय से सांपों की तस्करी और जहर का अवैध कारोबार चल रहा था। छापेमारी के दौरान टीम को दर्जनों सांप पिंजरों में कैद मिले।
लाइसेंस एक्सपायर, गोदाम मालिक फरार
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस व्यापार का लाइसेंस काफी समय पहले ही समाप्त हो चुका था। छापेमारी के समय गोदाम मालिक मौके से गायब मिला। आशंका जताई जा रही है कि मुख्य आरोपी लाखों-करोड़ों रुपये के सांपों का जहर लेकर फरार हो गया।
अधिकारियों पर उठे सवाल
PFA के शिकायतकर्ता गौरव गुप्ता ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। उनका कहना है कि इतने बड़े स्तर का अवैध व्यापार विभाग की नजरों से इतने सालों तक कैसे छिपा रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज कराने के बाद भी वन विभाग की टीम ने पहले छापेमारी में आनाकानी की।
क्या बोले वन विभाग के अधिकारी?
रुड़की के उप प्रभागीय वन अधिकारी सुनील बालोनी ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए वाइल्डलाइफ प्रोटेक्शन एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल बरामद सभी सांपों को सुरक्षित कब्जे में लिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है।





