BY: Yoganand Shrivastva
पारादीप (ओडिशा): ओडिशा के पारादीप बंदरगाह के पास समुद्र से एक चीनी नाविक का शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान झांग ताई के रूप में हुई है, जो पिछले सप्ताह एक जहाज पर काम के दौरान पानी में गिरने से लापता हो गए थे।
स्थानीय पुलिस और बंदरगाह प्राधिकरण के मुताबिक, शुक्रवार सुबह पारादीप इंटरनेशनल कार्गो टर्मिनल (PICT) पर एक जहाज से माल उतारने का काम चल रहा था। इसी दौरान जहाज की सीढ़ी खोलते समय झांग ताई का संतुलन बिगड़ गया और वे समुद्र में गिर पड़े। चालक दल ने तुरंत उन्हें बचाने की कोशिश की, यहां तक कि एक बांग्लादेशी नाविक भी पानी में कूद गया, लेकिन वह उन्हें बचाने में असफल रहा।
घटना के बाद कोस्ट गार्ड, एनडीआरएफ, ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स (ODRAF), समुद्री पुलिस, सीआईएसएफ और गोताखोरों की संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान शुरू किया। तीन दिनों तक चली इस खोजबीन के बाद रविवार को झांग ताई का शव पानी में उतराता मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
पारादीप की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्मृति रंजन कर ने बताया कि अब जहाजरानी मंत्रालय की मदद से शव को चीन भेजने की औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।इस घटना से बंदरगाह क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।





