रिपोर्ट- विष्णु गौतम
भिलाई नगर पुलिस ने एक महिला को ब्लैकमेलिंग कर पैसे ऐंठने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला ने एक व्यक्ति को बदनाम करने और झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर उससे करीब 4 लाख 93 हजार रुपये वसूल लिए थे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पीड़ित से मैसेज वायरल करने की धमकी
सेक्टर-9, भिलाई निवासी पीड़ित ने 24 अगस्त 2025 को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, आरोपी दुर्गावती देवी सिंह उर्फ दुर्गा ने उसे धमकी दी कि वह उनके मैसेज वायरल कर देगी और उनकी बातचीत पत्नी को बता देगी। साथ ही, उसने झूठे केस में फंसाने और आत्महत्या करने तक की धमकी दी।
इन धमकियों के चलते पीड़ित ने 7 अगस्त से 15 अगस्त 2025 के बीच आरोपी को कुल 4 लाख 93 हजार रुपये दे दिए।
पुलिस जांच में हुआ खुलासा
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की। इस दौरान आरोपी महिला को नोटिस दिया गया, लेकिन वह अपने बचाव में कोई ठोस सबूत पेश नहीं कर पाई। पूछताछ के दौरान उसने पैसे वसूलने की बात स्वीकार कर ली।
इसके बाद, पुलिस ने स्मृतिनगर निवासी दुर्गावती देवी सिंह उर्फ दुर्गा को 25 अगस्त 2025 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। अदालत ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।


