रिपोर्ट: संजू जैन
बेमेतरा जिले में एक बार फिर दिल दहला देने वाली आपराधिक वारदात सामने आई है। देवकर से मात्र 2 किलोमीटर दूर ग्राम डेहरी में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम डेहरी निवासी आशीष बंजारे की अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी। घटना में उसकी पत्नी सुखवंती बंजारे भी गंभीर रूप से घायल हुईं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए धमधा अस्पताल भेजा गया है।
हत्या की खबर फैलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और स्थिति को समझने की कोशिश करने लगे।
सूचना मिलते ही बेरला एसडीओपी विनय साहू, चौकी प्रभारी सहित पूरा पुलिस दल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल को अपने नियंत्रण में लेकर तफ्तीश शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
यह घटना बेमेतरा जिले में बढ़ते अपराधों को लेकर एक बार फिर चिंता का विषय बन गई है। ग्रामीणों और प्रशासन की निगाहें अब पुलिस की जांच और आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।





