लालगंज, प्रतापगढ़:
क्षेत्रीय विधायक एवं कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ के जन्मदिन के उपलक्ष्य में रविवार को नारी सशक्तीकरण को समर्पित विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बाबा घुइसरनाथ धाम में “नारी सशक्तीकरण सम्मान–2025” का आयोजन भव्य रूप से संपन्न हुआ, जहां सामाजिक और राष्ट्रीय सरोकारों से जुड़ी विशिष्ट महिलाओं को सम्मानित किया गया।
वहीं, लालगंज तहसील परिसर और विधायक के कैम्प कार्यालय पर अधिवक्ताओं एवं कार्यकर्ताओं द्वारा विधायक मोना का जन्मदिन बड़े उत्साह से मनाया गया। समर्थकों ने केक काटकर एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और बाबा घुइसरनाथ का आशीर्वाद लेकर विधायक के दीर्घायु और लोकमंगल की कामना की।
सम्मान समारोह में जिले की विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय महिलाओं को सम्मानित किया गया। इनमें एंटी रोमियो स्क्वॉड प्रभारी प्रीती कटियार, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सांगीपुर की वार्डन आराधना यादव, लालगंज की वार्डन वंदना पाण्डेय, सामाजिक कार्यकर्ता मंदाकिनी तिवारी, शिक्षिका कामना उपाध्याय, महिला आरक्षी सुप्रिया और अखिलेश यादव को शॉल, पुष्पगुच्छ और श्रीराम दरबार का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रमुख दृगपाल यादव ने की, जबकि संयोजन अधिवक्ता शैलेन्द्र मिश्र द्वारा किया गया। संचालन का दायित्व मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने निभाया। इस अवसर पर अतुल मिश्र और उनके समर्थकों ने आदिगंगा सई तट पर पहुंचकर मछलियों के लिए दाना भी डाला।
समारोह में वक्ताओं ने विधायक आराधना मिश्रा मोना की राजनीतिक सक्रियता, संसदीय मर्यादाओं के पालन, महिला सशक्तीकरण में भूमिका, तथा क्षेत्रीय विकास के लिए उनके कार्यों पर प्रकाश डाला। डॉ. अमिताभ शुक्ल, रामकृपाल पासी, लालजी यादव और रघुनाथ सरोज जैसे वक्ताओं ने मोना को जनसेवा का प्रतीक बताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम ने यह सिद्ध कर दिया कि आराधना मिश्रा मोना न केवल राजनीति में एक मजबूत स्तंभ हैं, बल्कि नारी सशक्तीकरण की प्रेरणा स्रोत भी हैं।
21 अप्रैल 2025 का दैनिक राशिफल: सभी राशियों के लिए भविष्यवाणी और उपाय





